शहीद दिवस पर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि, नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन ने किया नमन
Gargachary Times
23 March 2026, 19:45
53 views
Mainpuri
मैनपुरी। शहीद दिवस के अवसर पर देश के महान क्रांतिकारी वीर सपूतों भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ याद किया गया। इस अवसर पर मैनपुरी की समाजसेवी संस्था नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के सदस्यों ने शहर के घंटाघर स्थित शहीद पार्क पहुंचकर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया और दो मिनट का मौन रखकर उनके बलिदान को नमन किया। वक्ताओं ने कहा कि 23 मार्च का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत महत्वपूर्ण है, जब देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले इन वीरों को फांसी दी गई थी। उनका बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शहीदों के दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश को आगे बढ़ाया जा सकता है। युवाओं को उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की जरूरत है।
इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए संकल्प भी लिया। श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से अंचल तिवारी, अरुण यादव, चंचल दीक्षित, शैलू राठौर, अतुल सक्सेना, शुभम सिंह, रोहित सक्सेना, जीत कुमार, सृजन चौहान आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
शहीद दिवस के अवसर पर शहीद पार्क में कैंडल जलाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देते नेताजी सुभाष चंद्र बोस फाउंडेशन के लोग