जन-सुनवाई के दौरान कुरावली में 21 शिकायतकर्ताओं ने जिलाधिकारी के सम्मुख शिकायती पत्र प्रस्तुत किये
Gargachary Times
23 March 2026, 19:45
89 views
Mainpuri
मैनपुरी - जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने तहसील कुरावली में आयोजित संम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर कहा कि अधिकारी जन-शिकायतों के निस्तारण के प्रति सजग रहें, शिकायतों के निदान में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये, किसी भी स्तर से प्राप्त शिकायत का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण किया जाये ताकि आमजन का विश्वास संम्पूर्ण समाधान, थाना समाधान दिवस पर बना रहे। उन्होने कहा कि भूमि सम्बन्धी विवादों में त्वरित गति से कार्यवाही की जाये, भूमि विवाद यथा संभव मौके पर जाकर निबटाएं जाऐं, किसी भी क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जे न रहे, जबरन अनाधिकृत कब्जा करने वालों के विरूद्ध दंडात्मक कार्यवाही हो, एक बार सीमांकन, पैमाइश के बाद यदि किसी के द्वारा पुनः कब्जा किया जाये तो उसे भू-माफिया में चिन्हित कर उसके विरूद्ध एफ.आई.आर. दर्ज कराकर वैद्यानिक कार्यवाही की जाये।
श्री सिंह ने पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कुछ शिकायतें राशन डीलर द्वारा समय से खाद्यान्न उपलब्ध न करने की भी संज्ञान में आ रही हैं, जिला पूर्ति अधिकारी, पूर्ति निरीक्षक सुनिश्चित करें कि प्रत्येक कोटा डीलर द्वारा प्रत्येक राशन कार्ड धारक को निर्धारित मात्रा में समय से ई-पाश मशीन के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराया जाए, समय से राशन वितरण न करने वाले कोटेदारों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि अमल-दरामद, विरासत आदि दर्ज करते समय गलत नाम, पता अंकित किए जाने की भी शिकायतें समय-समय पर संज्ञान में आ रही हैं, उप जिलाधिकारी, तहसीलदार इस ओर ध्यान दें, राजस्व कर्मियों को स्पष्ट निर्देश निर्गत किए जाएं कि नाम अंकित करते समय पूरी सावधानी बरती जाए यदि किसी स्तर से नाम, पता गलत अंकित किया जाए तो संबंधित से साक्ष्य प्राप्त कर तत्काल नाम, पता अभिलेखों में ठीक किया जाए, किसी भी फरियादी को नाम, पता संशोधित करने में असुविधा का सामना न करना पड़े।
आज जन-सुनवाई के दौरान कुरावली क्षेत्र के 21 शिकायतकर्ताओं ने अपने शिकायती प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के सम्मुख प्रस्तुत किये, जिसमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निदान कर फरियादियों को राहत प्रदान की, कस्बा कुरावली नि. शिव नारायन यादव ने राशन डीलर द्वारा राशन न दिये जाने, ग्राम राजलपुर नि. योगेन्द्र सिंह ने मौजा सोनई के चकमार्ग संख्या 1635 को खुलवाने, ग्राम लुखरपुरा नि. नरेश बाबू ने पशु पालन हेतु के.सी.सी. लोन कराये जाने, न. धनी नि. मोहित यादव ने परिवार रजिस्टर में नाम शामिल कराये जाने, मधपुरी भाग साड़ा नि. बेचेंलाल ने पक्की मुडडी लगवाकर कब्जा दिलवाये जाने, देवकली नि. जितेन्द्र सिंह, वीना, अनुरोध कुमार, अंकुश ने दबंगई के बल पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को खाली कराने, ग्राम गनेशपुर नि. संजीव कुमार ने पैमाइश सुदा भूमि पर विपक्षियों द्वारा किये गये अवैध कब्जे को हटवाने की मांग अपने शिकायती प्रार्थना पत्रों के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. आर.सी. गुप्ता, उप जिलाधिकारी कुरावली नीरज कुमार द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी कुरावली सच्चिदानंद, जिला विकास अधिकारी अजय कुमार, उप कृषि निदेशक नरेन्द्र कुमार त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी अवधेश सिंह, अधिशाषी अभियंता सिंचाई राजीव कुमार, अधिशाषी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण नुज़हत परवीन, जिला कृषि अधिकारी अभिशांक चौहान, जिला पशु चिकित्साधिकारी डा. सोमदत्त, सहायक आयुक्त उद्योग उत्कर्ष चन्द्र, अनिल कुमार सक्सेना सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।