सीआईआरजी और भारत लाइवस्टॉक के बीच एमओयू, बकरी-पालन में तकनीक का हस्तांतरण
Gargachary Times
24 March 2026, 20:50
113 views
Mathura
फरह। फरह मथुरा स्थित केंद्रीय बकरी अनुसंधान संस्थान (CIRG) और महाराष्ट्र की भारत लाइवस्टॉक एंटरप्राइज एंड इनोवेशंस प्रा. लि. के बीच वैज्ञानिक पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (M0U) एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण पर हस्ताक्षर हुए। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के अधीन कार्यरत CIRG ने भेड़-बकरी पालन के आधुनिकीकरण के लिए अपने अनुसंधान से विकसित तकनीकों का हस्तांतरण किया।
हस्तांतरित तकनीकों में परजीवी रोगों की रोकथाम के लिए हर्बल एंटी-कॉक्सीडियल फीड फॉर्मुलेशन, आंतरिक मीथेन उत्सर्जन को लगभग 20 प्रतिशत तक कम करने वाली मीथेन-लो फीड तकनीक, और उन्नत कृत्रिम गर्भाधान के लिए सीमेन डायल्यूटर तकनीक शामिल हैं। ये नवाचार पशु स्वास्थ्य सुधारने के साथ पर्यावरण अनुकूल खेती में मददगार होंगे।
भारत लाइवस्टॉक अपनी विशेष एनिमल फेस रिकग्निशन तकनीक लागू कर रहा है, जिससे प्रत्येक पशु की पहचान, निगरानी और स्वास्थ्य की वास्तविक समय में मॉनिटरिंग हो सकेगी। इससे बड़े पैमाने पर सटीक और आधुनिक पशुपालन संभव होगा।
समझौते पर CIRG के निदेशक डॉ. मनीष कुमार चटली और भारत लाइवस्टॉक के सीईओ व प्रबंध निदेशक श्री श्रीनिवास कन्हिकोट ने हस्ताक्षर किए। कार्यक्रम में भारत लाइवस्टॉक के सीओओ श्री दिलीप शेलार तथा CIRG के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. रवि रंजन और डॉ. के. गुरुराज भी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि यह साझेदारी देश में बकरी-भेड़ पालन को वैज्ञानिक आधार देकर ग्रामीण किसानों की आय बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगी।