Loading...

राया के माँ बाघेश्वरी देवी मेला में व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

Gargachary Times 26 March 2026, 20:02 92 views
Mathura
राया के माँ बाघेश्वरी देवी मेला में व्यवस्थाओं पर उठे सवाल
राया नगर के गोपाल बाग स्थित श्री माँ बाघेश्वरी देवी मेला इस वर्ष भी गत वर्षों की भांति श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित हो रहा है। प्रातःकाल से ही हजारों श्रद्धालु माँ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हालांकि मेले में अव्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। आरोप है कि मेला कमेटी द्वारा बाहर से आए दुकानदारों से दुकान लगाने के लिए अधिक शुल्क वसूला जा रहा है, वहीं विद्युत के नाम पर अलग से पैसे लिए जा रहे हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर कोई विशेष व्यवस्था नहीं की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। मेले में चाट-पकौड़ी और हलवाई की दुकानों पर घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है, जो संभावित खतरे को बढ़ा सकता है। गौरतलब है कि विगत वर्ष दीपावली के दौरान आतिशबाजी की दुकान में आग लगने से बड़ा हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान गई थी और कई घायल हुए थे। इसके अलावा महिला बाजार सहित अन्य क्षेत्रों में दुकानें बेहद पास-पास लगाई गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मेला कमेटी और प्रशासन को व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए सुरक्षा और सुविधाओं को प्राथमिकता देनी चाहिए, ताकि कोई अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में मेले का आनंद ले सकें।
Follow Samachar24