Loading...

आगरा में दिल दहला देने वाला हादसा: थ्रेसर में खिंचकर 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

Gargachary Times 27 March 2026, 18:53 53 views
Agra
आगरा में दिल दहला देने वाला हादसा: थ्रेसर में खिंचकर 2 साल के मासूम की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
सूरज वर्मा आगरा: आगरा जनपद के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के नगला मानसिंह गांव में एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। सरसों कुटवाने के दौरान थ्रेसर मशीन के पास खेल रहे 2 साल के मासूम बच्चे की अचानक मशीन में खिंच जाने से मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेत पर सरसों की फसल कुटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मासूम खेलते-खेलते थ्रेसर मशीन के करीब पहुंच गया। बताया जा रहा है कि मशीन के पास पड़ी तिरपाल में उलझकर बच्चा अचानक थ्रेसर की चपेट में आ गया। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद परिजन बदहवास हो गए और बच्चे को तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मासूम अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था, जिसकी मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। गांव में हर ओर चीख-पुकार और मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि थ्रेसर मशीन के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर खेतों में काम के दौरान सुरक्षा उपायों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं
Follow Samachar24