Loading...

कागजी दावों की भेंट चढ़ी ट्रैफिक व्यवस्था, जाम के झाम में पिस रहे श्रद्धालु और स्थानीय लोग

Gargachary Times 27 March 2026, 19:38 75 views
Mathura
कागजी दावों की भेंट चढ़ी ट्रैफिक व्यवस्था, जाम के झाम में पिस रहे श्रद्धालु और स्थानीय लोग
वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। आलम यह है कि यहाँ की ट्रैफिक व्यवस्था 'राम भरोसे' चल रही है, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन लगने वाला घंटों लंबा जाम अब लोगों के लिए जी का जंजाल बन चुका है। ​हैरानी की बात यह है कि वृंदावन के प्रमुख नगर निगम चौराहे पर सुबह से लेकर रात तक जाम की स्थिति बनी रहती है। यह अव्यवस्था वृंदावन कोतवाली से महज कुछ कदमों की दूरी पर होती है, लेकिन जिम्मेदार पुलिस प्रशासन सब कुछ देखकर भी मौन साधे रहता है। स्थिति तब और भी विकट हो जाती है जब इस जाम में मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस और खुद पुलिस की गाड़ियां भी फंस जाती हैं, जिन्हें निकालने में घंटों कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। ​मथुरा-वृंदावन में बढ़ते ई-रिक्शा के दबाव को कम करने के लिए प्रशासन ने ई-रिक्शा के लिए रूट आवंटन की योजना बनाई थी। बड़े जोर-शोर से प्रचारित की गई यह योजना अब सरकारी फाइलों में ही दबकर रह गई है। जमीनी हकीकत यह है कि रूट तय न होने के कारण ई-रिक्शा चालक किसी भी गली या मुख्य मार्ग पर बेतरतीब वाहन खड़े कर देते हैं, जो जाम का मुख्य कारण बन रहा है। ​जाम के साथ-साथ श्रद्धालुओं को आर्थिक शोषण का भी शिकार होना पड़ रहा है। ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने ढंग से किराया वसूला जा रहा है। बाहरी शहरों से आने वाले श्रद्धालुओं से तय दूरी का कई गुना ज्यादा किराया वसूलना आम बात हो गई है। प्रशासन इस अवैध वसूली और मनमानी को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है, जिससे यात्रियों में भारी रोष है। ​स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन केवल 'वीआईपी मूवमेंट' के दौरान ही सक्रिय दिखाई देता है। जब कोई बड़ा नेता या अधिकारी आता है, तो सड़कों पर मुस्तैदी दिखती है, लेकिन आम जनता के लिए स्थिति जस की तस बनी रहती है। प्रशासनिक अधिकारियों की यह उदासीनता न केवल पर्यटन पर बुरा असर डाल रही है, बल्कि शहर की छवि को भी धूमिल कर रही है। अब देखना यह होगा मथुरा प्रशासन के अधिकारी ऐसे ही गहरी नींद सोते रहते हैं या कुछ एक्शन भी लेते हैं।
Follow Samachar24