चरणाश्रम में कन्याओ का पूजन कर धूमधाम से मनाई गई महानवमी
Gargachary Times
27 March 2026, 20:30
1 views
Mathura
वृंदावन। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर परिक्रमा मार्ग स्थित चारणाश्रम में महानवमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम के अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती अधिकारी गुरु ने विधि-विधान से कन्या पूजन कर मातृशक्ति की आराधना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ कन्याओं के स्वागत के साथ हुआ। सर्वप्रथम सभी कन्याओं के चरण पखारे और उन्हें तिलक लगाकर आशीर्वाद लिया। पूजन के विशेष क्रम में सभी कन्याओं को पटका पहनाकर उनका सम्मान किया गया और आरती उतारी गई। पूजन के पश्चात कन्याओं को सुरुचिपूर्ण भोज कराया गया और उपहार भेंट किए गए।
इस अवसर पर भक्तों को संबोधित करते हुए महामंडलेश्वर डॉ. सत्यानंद सरस्वती अधिकारी गुरु ने कहा आज का दिन अत्यंत आनंददायक और आध्यात्मिक ऊर्जा से भरा है। नवरात्रि की पूर्णता कन्या पूजन में ही निहित है। कन्याएं साक्षात मां दुर्गा का स्वरूप होती हैं और उनका पूजन समाज में नारी शक्ति के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है। इस अवसर पर मुरली अग्रवाल, दिनेश पंडित, डॉ बृजेश द्विवेदी, संजय अग्रवाल, कैलाश बाबा, कन्हैया पांडे, अभिषेक तिवारी आदि उपस्थित रहे।
नवमी के इस अवसर पर आश्रम में सुबह से ही भक्तों का आना-जाना लगा रहा। पूजन के दौरान पूरा परिसर 'जय माता दी' के उद्घोष से गुंजायमान रहा। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।