राजीव इंटरनेशनल स्कूल के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
Gargachary Times
28 March 2026, 20:21
109 views
Eduction
मथुरा। राजीव इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन होनहार छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया जिन्होंने वर्षभर कठिन परिश्रम और समर्पण के साथ विभिन्न विधाओं में अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. नवप्रीत कौर डीन और प्राचार्या केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल ने मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी, मेडल एवं सर्टिफिकेट देकर न केवल सम्मानित किया बल्कि उनका हौसला बढ़ाते हुए कहा कि किसी भी काम को बीच में न छोड़ें बल्कि जब तक मंजिल न मिले बगैर रुके प्रयास करते रहें, सफलता निश्चित कदम चूमेगी।
राजीव इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को सुबह से ही माहौल खुशनुमा दिख रहा था। छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर कला प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार की कलाकृतियों को प्रदर्शित कर अपने कौशल की बानगी पेश की। छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी में लोक कला, छवि चित्र, कम्पोजिशन, वस्तु चित्र और प्रकृति चित्रों को सुंदर व आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। इन कलाकृतियों को जल रंग, पेंसिल रंग, एक्रेलिक एवं पोस्टर रंगों के माध्यम से पूर्ण किया गया। मुख्य अतिथि ने कलाकृतियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए सभी चैम्पियंस को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. नवप्रीत कौर ने सम्मान समारोह में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को स्कॉलर बैज देकर सम्मानित किया। इतना ही नहीं उन्होंने पूरे वर्ष शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करवाने वाले एवं विभिन्न विषयों के ओलम्पियाड में पदक जीतने वाले विद्यार्थियों को भी मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मेधावी छात्र-छात्राओं को जैसे ही मेडल, शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र मिले उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। खुशी से झूमते छात्र-छात्राएं कहीं सेल्फी लेते तो कहीं विक्ट्री साइन बनाते नजर आए।
मुख्य अतिथि डॉ. कौर ने अपने प्रेरणादायक सम्बोधन में छात्र-छात्राओं को सफलता के सूत्र बताए तथा उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में परिवर्तन और आत्मसुधार की प्रक्रिया आवश्यक होती है, जबकि दृढ़ निश्चय और कड़ी मेहनत सफलता की चाबी हैं। प्रत्येक माता-पिता को चाहिए कि वे अपने बच्चों को निरंतर प्रोत्साहित करते रहें। बच्चों के मन में यह बात डालें कि वह किसी से भी कम नहीं हैं।
प्रधानाध्यापिका प्रिया मदान ने बताया कि राजीव इंटरनेशनल स्कूल में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, यहां के छात्र-छात्राएं वर्षभर हर क्षेत्र में अपनी कामयाबी का परचम फहराते रहते हैं। विद्यालय प्रबंधन भी विद्यार्थियों के प्रोत्साहन में कोई कसर नहीं छोड़ता। उन्होंने बताया कि विगत दिवस राजीव इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों का वार्षिक परीक्षा फल घोषित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी मेधा का परिचय दिया।
विद्यालय के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह सम्मान एक पड़ाव है, अगला कदम इससे भी ऊंचा हो, यही हमारी कामना है। श्री अग्रवाल ने कहा कि सफलता उन्हें ही मिलती है, जो कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और अनुशासन के मार्ग पर अडिग रहते हैं। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता की कुंजी ज्ञान है। ज्ञान की ज्योति न केवल आपके जीवन को आलोकित करती है बल्कि पूरे समाज को रोशनी देती है।
चेयरमैन श्री अग्रवाल ने कहा कि नियमित पढ़ने वाले विद्यार्थी ही सर्वोच्च अंक हासिल करते हैं। उन्होंने कहा कि मेरिट सिर्फ शिक्षा में ही नहीं हर क्षेत्र में होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने की जिम्मेदारी आपकी खुद की है। श्री अग्रवाल ने कहा कि सफलता के चार सूत्र दृढ़निश्चय, आत्मविश्वास, लगन और अथक परिश्रम हैं।