Loading...

छात्राओं के सपनों को मिले पंख: मुथूट फाइनेंस के सहयोग से कोमल फाउंडेशन ने बांटी साइकिलें

Gargachary Times 28 March 2026, 20:26 158 views
Firozabad
छात्राओं के सपनों को मिले पंख: मुथूट फाइनेंस के सहयोग से कोमल फाउंडेशन ने बांटी साइकिलें
फिरोजाबाद। शिक्षा के मार्ग में आ रही बाधाओं को दूर कर छात्राओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए कोमल फाउंडेशन ने मुथूट फाइनेंस के सहयोग से श्रीमती रेवती देवी बालिका विद्यालय इंटर कॉलेज, पैमेश्वर गेट में साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान 25 जरूरतमंद छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही थी। यह पहल न केवल उनके विद्यालय आने-जाने को आसान बनाएगी, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी प्रेरित करेगी। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि के रूप में नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल, कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया, मुथूट फाइनेंस फिरोजाबाद के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. सोनम सेठ उपस्थित रहीं। अतिथियों ने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने कहा कि ऐसी पहलें छात्राओं की शिक्षा को नई दिशा देती हैं। साइकिल मिलने से उनकी उपस्थिति बढ़ेगी और वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ेंगी। नगर निगम के कर निर्धारण अधिकारी नीरज पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़ी बेटियों को शिक्षा से जोड़ना हम सभी की जिम्मेदारी है। मुथूट फाइनेंस और कोमल फाउंडेशन का यह प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक है। कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल सहायता देना नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाना है। यह साइकिलें उनके सपनों को गति देने का माध्यम बनेंगी। मुथूट फाइनेंस के शाखा प्रबंधक अनिल कुमार शर्मा ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत मुथूट फाइनेंस हमेशा समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है। छात्राओं के लिए यह पहल उनके भविष्य को संवारने में सहायक होगी। प्रधानाचार्या डॉ. सोनम सेठ ने कहा कि विद्यालय की छात्राओं के लिए यह सहयोग अत्यंत उपयोगी है। इससे उनकी पढ़ाई में निरंतरता आएगी और वे अपने लक्ष्य की ओर और अधिक दृढ़ता से बढ़ सकेंगी। कार्यक्रम के दौरान ताज सेवा समिति के अध्यक्ष सलीम धम्मू, कोमल फाउंडेशन के अनिल कुमार वर्मा, राहुल यादव और विद्यालय प्रशासन के साथ-साथ शिक्षिकाएं भी प्रमुख रूप से उपस्थित रही।
Follow Samachar24