बरहन: ईंट मारकर महिला का सिर फोड़ा, देवरानी-देवर पर घर में घुसकर लहूलुहान करने का आरोप
Gargachary Times
28 March 2026, 20:27
93 views
Agra
थाना बरहन क्षेत्र के ग्राम गढ़ी डहर (बेनई) में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला पर जानलेवा हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि देवरानी और देवर ने अपने बेटे के साथ मिलकर महिला के घर में घुसकर मारपीट की और ईंट मारकर उसका सिर फोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में NCR (गैर-संज्ञेय अपराध रिपोर्ट) दर्ज कर ली है।पीड़िता सरोज देवी पत्नी स्व. जयपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 17 मार्च 2026 की शाम करीब 5:00 बजे वह अपने घर पर थी। तभी अचानक उसकी देवरानी संगीता सिंह, देवर जय सिंह और उनका बेटा अक्षांश चौधरी (निवासीगण शास्त्रीपुरम, सिकंदरा) गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए। आरोप है कि संगीता सिंह ने सरोज देवी के सिर पर ईंट से जोरदार प्रहार किया, जिससे उनका सिर फट गया और काफी खून बहने लगा।पीड़िता के अनुसार, जब आरोपी उसे बेरहमी से पीट रहे थे, तब उसकी पुत्रवधू मधु सिंह ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग मौके पर जुटने लगे। ग्रामीणों को आता देख आरोपी घबरा गए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घायल अवस्था में पीड़िता थाने पहुँची, जहाँ पुलिस ने उनका मेडिकल कराया।दस्तावेजों के अनुसार, थाना बरहन पुलिस ने इस मामले में धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुँचाना) और 352 (शांति भंग करने के इरादे से अपमान) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत NCR No. 0006/2026 दर्ज की है। थाना प्रभारी आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।