Loading...

प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक अद्भुत जनसंवाद है: केशव प्रसाद मौर्य

Gargachary Times 29 March 2026, 20:41 141 views
Lucknow
प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक अद्भुत जनसंवाद है: केशव प्रसाद मौर्य
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को लखनऊ स्थित कैम्प कार्यालय पर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों के साथ देश के यशस्वी प्रधानमंत्री मा० श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा संबोधित लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुना। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन का सशक्त माध्यम बन चुका है। इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के विचार हर नागरिक के भीतर नई ऊर्जा, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना का संचार करते हैं। कहा कि प्रधानमंत्री जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने वाला एक अद्भुत जनसंवाद है। उन्होंने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं ऊर्जा क्षेत्र में उत्पन्न चुनौतियों के बीच प्रधानमंत्री जी का संतुलित, स्पष्ट एवं आश्वस्त करने वाला दृष्टिकोण यह दर्शाता है कि भारत हर परिस्थिति में सजग, सक्षम एवं दृढ़ है। प्रधानमंत्री जी का यह आह्वान कि देशवासी जागरूक रहें, अफवाहों से दूर रहें तथा एकजुट होकर संयमित आचरण करें, प्रत्येक नागरिक के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्गदर्शन है। उप मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रस्तुत विभिन्न प्रेरक उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि वाराणसी में एक ही घंटे में 2 लाख 51 हजार से अधिक पौधारोपण कर बनाए गए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड का उल्लेख उत्तर प्रदेश के लिए अत्यंत गौरव व गर्व का विषय है। प्रधानमंत्री जी का ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप दे रहा है, जिसमें छात्रों, जवानों एवं स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है। उन्होंने कहा कि ‘ज्ञान भारतम’ पहल, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एवं अन्य जनहितकारी प्रयासों के माध्यम से प्रधानमंत्री जी ने समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान की है। साथ ही जल संकट के समाधान हेतु देशभर में सामुदायिक स्तर पर हो रहे प्रयास—जैसे तालाबों का पुनर्जीवन, वर्षा जल संचयन एवं ‘अमृत सरोवर’ अभियान के अंतर्गत हजारों सरोवरों का निर्माण जनभागीदारी की सशक्त मिसाल हैं। उप मुख्यमंत्री श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी की ‘पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में लोगों को व्यापक लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि के साथ जीवन स्तर भी बेहतर हो रहा है। उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रदेशवासियों की ओर से मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि आपका यह प्रेरक, ओजस्वी एवं मार्गदर्शी संवाद देश के प्रत्येक नागरिक के मन में विश्वास, स्थिरता एवं जिम्मेदारी की भावना को और अधिक सुदृढ़ करता है।
Follow Samachar24