नानी की डांट से नाराज किशोरी ने फांसी लगाई
Gargachary Times
29 March 2026, 20:44
78 views
Mainpuri
मैनपुरी के बिछवा थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय किशोरी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, किशोरी औछा थाना क्षेत्र के एक किशोर से फोन पर बात करती थी। परिवार के सदस्यों ने उसे कई बार ऐसा करने से मना किया था।
बताया गया है कि जिस किशोर से किशोरी बात करती थी, उसकी नानी उसी मोहल्ले में रहती हैं। शनिवार सुबह वह किशोरी के घर पहुंचीं और उसे फोन पर बात करने को लेकर डांटा। आरोप है कि इसी बात से आहत होकर किशोरी ने यह कदम उठाया।
घटना के समय किशोरी के घर का माहौल सामान्य नहीं था। 26 मार्च को उसके मामा की मृत्यु हो गई थी, जिसके कारण उसकी मां और अन्य परिजन ननिहाल गए हुए थे। घर पर किशोरी अपने भाई और भाभी के साथ थी।
परिजनों ने बताया कि सुबह किशोरी ने अपनी भाभी से कंडे पाथने जाने की बात कही, लेकिन वह सीधे कमरे में चली गई। कुछ देर बाद जब भाई ने उसे ढूंढा और कमरे
में देखा, तो दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़ने पर किशोरी का शव फंदे से लटका मिला।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस को सूचित किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक आशीष दुबे ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।