Loading...

जो संविधान बदलने की बात कर रहे थे, आजकल वो लोग अंडरग्राउंड हो गए हैं: अखिलेश यादव

Gargachary Times 29 March 2026, 20:49 77 views
Noida
जो संविधान बदलने की बात कर रहे थे, आजकल वो लोग अंडरग्राउंड हो गए हैं: अखिलेश यादव
नोएडा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोएडा दादरी के सम्राट मिहिर भोज कॉलेज मैदान में विशाल समाजवादी समानता भाईचारा रैली को सम्बोधित किया। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के फैसलों से जनता को दुःख और तकलीफ मिली है। भाजपा ने तमाम बार जनता को धोखा दिया है। प्रधानमंत्री जी रैलियों और सभाओं में बहुत बातें करते हैं लेकिन महंगाई, बेरोजगारी, रसोई गैस सिलेण्डर की किल्लत, की बातें नहीं करते हैं। भाजपा की सरकार ने किसानों की जमीन ली, लेकिन बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया। समाजवादी सरकार बनने पर विकास के लिए जब किसानों की जमीन लेंगे तो बाजार भाव से मुआवजा देंगे। जेवर एयरपोर्ट में जिनकी जमीनें गयी है, वे जानते है कि सरकार ने उन्हें धोखा दिया, बाजार भाव से मुआवजा नहीं दिया। कानून का भी लाभ किसानों को नहीं दिया। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर पहले पंचायत व्यवस्था की तरह गांवों को अर्बन यूनिट मानकर अधिकार देने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा नौ साल से सरकार में है लेकिन जमीन का मुआवजा नहीं बढ़ाया। जिस तरह का मुआवजा समाजवादी सरकार में मिलता था, वैसा इस सरकार ने कभी नहीं दिया। इस सरकार में समाजवादी पार्टी की सरकार की तरह न तो 64 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा दिया और न 4 फीसदी प्लाट दिया। कालोनियों को नियोजित नहीं किया। अखिलेश यादव ने जनता से बदलाव की अपील करते हुए कहा कि बदलाव से ही यूपी का भाग्य बदलेगा। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार निवेश का झूठा दावा करती है। सरकार बताती है कि 50 लाख करोड़ का एमओयू हुआ लेकिन जमीन पर कुछ नहीं उतरा, 5 परसेंट के नाम पर अपनी जेबें भरते रहे। नौजवानों के लिए रोजगार नहीं है। पढ़े-लिखे नौजवानों को नौकरियां नहीं मिल रही है। समाजवादी सरकार नौजवानों की पढ़ाई को व्यवस्थित करेगी, टेªनिंग देगी, नए तरह की नौकरियों के लिए काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दादरी में केवल रैली नहीं हो रही है, यह सामाजिक न्याय का राज लाने का आह्वान है। हम पीडीए के लोग मिलकर सरकार बनाने जा रहे हैं। आज पीडीए के लोग अपना हक और मान, सम्मान पाने के लिए इकट्ठे हुए हैं। पीडीए सरकार बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के संविधान के रास्ते पर सामाजिक न्याय के राज की स्थापना कर आगे बढ़ेगी। यादव ने गुर्जर सम्राट मिहिर भोज को नमन करते हुए कहा कि कुछ लोग हमारे सम्राट को भी छीन लेना चाहते थे। उसके लिए यहां के लोगों ने बड़ी लड़ाई लड़ी। समाजवादी सरकार में जब-जब मौका मिला है, यहां के लोगों को सम्मानित किया। शहीद विजय सिंह पथिक के नाम से स्टेडियम बनाया, सबसे बड़ा पार्क गुर्जर सम्राट मिहिर भोज के नाम से बनाया था। 1857 की लड़ाई में तमाम क्रांतिकारियों के साथ कोतवाल धनसिंह गुर्जर के योगदान को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। रैली के माध्यम से भरोसा दिलाता हॅू कि 2027 में सरकार बनने के बाद राजधानी लखनऊ में गोमती रिवरफ्रंट पर स्मारक बनाकर प्रतिमाएं लगवाएंगे। यहां मौजूद लोग सच्चे देशभक्त और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के रूप में इतिहास में दर्ज है। हमेशा रहेंगे और भविष्य के इतिहास में दर्ज रहेंगे। यहां के लोगों का संघर्ष का लम्बा इतिहास है। यहां के लोगों ने मान सम्मान से कभी समझौता नहीं किया है। यादव ने कहा कि जो लोग नोएडा आने को लेकर भ्रम फैलाते हैं, उन दोनों लोगों ने मिलकर उतने कार्यकर्ताओं से मुलाकात नहीं की होगी, जितनी हमने अपने कार्यकर्ताओं के घरों पर जाकर चाय पी है और सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि नोएडा के विकास के लिए समाजवादियों का योगदान कोई नहीं भूल सकता है। जिस मेट्रो में बैठकर प्रधानमंत्री जी ने मेट्रो का उद्घाटन किया था, नोएडा से दिल्ली जोड़ने वाली मेट्रो समाजवादी सरकार ने बनायी थी। समाजवादी सरकार ने नोएडा और दिल्ली मेट्रो को जोड़ने के साथ ग्रेटर नोएडा को भी मेट्रो रेल से जोड़ा था। विकास के तमाम फैसले समाजवादी पार्टी की सरकार में हुए। ईस्ट-वेस्ट फ्रेंड कॉरिडोर, डीएमआईसी का गठन और नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत आसपास के जिलों के विकास के लिए समाजवादी सरकार ने काम किया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धरती पर सबसे ज्यादा झूठ बोलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पीडीए के साथ भेदभाव तिरस्कार हुआ है। सम्मान छीना गया है। पीडीए समाज को जगह-जगह बहुत अपमानित किया गया। योग्यता और प्रतिभा पर कटाक्ष हुआ है। अहंकारी लोगों ने छींटाकशी की है। अब सिर्फ न्याय की बात नहीं अब सामाजिक न्याय का राज लाना होगा। इसके लिए साल लगे या सदी लगे, हम पीछे नहीं हटेंगे। आगे बढ़ेंगे। यादव ने कहा कि यह बदलाव सिर्फ बात से नहीं आयेगा, मिल-बैठकर समझने और समझाने से आयेगा। एक तरफ अहंकारी और उत्पीड़न करने वाले लोग हैं। दूसरी तरफ उत्पीड़ित और उपेक्षित लोग है। निर्बल और निर्धन पर जुल्म हो रहे हैं। ऐसे कमजोर और गरीब लोग हर जाति धर्म में है इसीलिए पीड़ित, दुःखी और अपमानित लोगों को एक साथ लाने के लिए, हमने पीडीए बनाया है। पीडीए के लोगों ने मिलकर मुकाबला कर भाजपा को पीछे धकेला है। पीडीए प्रोग्रेसिव और पाजिटिव है। आगे बढ़ने का सामाजिक आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जिसने अपमान की पीड़ा नहीं झेली है वे दुःख को नहीं समझ सकते हैं, वे हमदर्दी तो दिखा सकते हैं लेकिन पीड़ा नहीं समझ सकते जो पीड़ा हमारे घर को गंगा जल से धुलवाने पर हुआ था। अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की मुहिम एक दो चुनाव की नहीं है। सदियों से जो पीड़ा है उसे खत्म करने की है। अपने भविश्य को चुनने की है। पीडीए के मान-सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा। जैसे-जैसे पीडीए में पढ़ाई-लिखाई बढ़ेगी, वैसे-वैसे जागरूकता आयेगी। हमारा लक्ष्य किसान, मजदूर, नौजवान, महिला, कारोबारी हर एक की खुशहाली है। यह खुशहाली तब आयेगी जब मकसद बड़ा होगा। दिलों में सौहार्द होगा। भाईचारा, अमन-चैन हो। यह तभी होगा जब समाज में आपसी विश्वास होगा। समाज एकजुट होगा तो 5 फीसदी वर्चस्ववादी लोगों का शोषण खत्म होगा। पीडीए की लड़ाई 5 फीसदी लोगों से है, जो 95 फीसदी के अधिकारों और हकों का शोषण कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि शोषणकारी लोग बाबा साहब अम्बेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं करते हैं। बाबा साहब ने शोषणकारियों के खिलाफ संविधान के रूप में कागज का ऐसा दस्तावेज दिया है जो तलवार से ज्यादा मजबूत है। चाहे जितनी भी रूकावट आये, हम समाजवादी लोग गैरबराबरी दूर करने का काम करेंगे। पीडीए समाज के लोग जो पीछे छूट गये है उनको बराबरी पर खड़ा कर अधिकार और सम्मान दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि संविधान देश के 95 फीसदी शोषित, उपेक्षित, पीड़ित, वंचित, पीडीए का सच्चा संरक्षक है। जो चार सौ सीट लाकर संविधान बदलने की बात कर रहे थे, वे पीडीए की एकजुट ताकत के सामने सिमट कर अंडरग्राउण्ड हो गये है। अभी वे चुप हो गये है। वे वक्त का इंतजार कर रहे हैं। इनसे सावधान रहने की जरूरत है। यादव ने कहा कि संविधान खतरे में था, जब तक भाजपा है संविधान खतरे में रहेगा। भाजपा को हटाना और हराना होगा। भाजपा दल नहीं है। यह दरारवादी, नकारात्मक, भेदवादी विचारधारा का गिरोह है। हमारा नारा है नकारात्मक विचारधारा हटाओ, संविधान बचाओ। जब तक नकारात्मक विचारधारा नहीं हटेगी तब तक पीडीए कामयाब नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अब तक बेईमानी से सरकार बनाती रही है। उपचुनाव में भाजपा ने बेईमानी कर समाजवादी पार्टी को हराया। 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की चारसौबीसी नहीं चलेगी। भाजपा जिन अधिकारियों के माध्यम से चुनाव जीतती थी, वे निराश हो चुके है। जो फेक एनकाउण्टर करते थे वे भी भाजपा से दुःखी हो रहे है। भाजपा सरकार में पहला फेक एनकाउण्टर गुर्जर नौजवान का हुआ था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा दल नहीं ड्राई क्लीन की दुकान है। सारे भ्रष्टाचारी भ्रष्टाचार और लूट करके भाजपा में इकट्ठा हो रहे हैं। यह महाझूठों का भंडार है। इन जुमलावादियों की हर बात झूठी है। भाजपा कोई वादा जमीन पर नहीं उतार पायी। नौजवानों को धोखा दिया। पेपर लीक हुए। नौकरियां नहीं दी। समाजवादी लोग अग्निवीर व्यवस्था स्वीकार नहीं करेंगे। जब भी मौका मिलेगा इसे खत्म कर देंगे। अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले भी एयरपोर्टो के उद्घाटन हुए है। सात एयरपोर्ट में से 6 बंद हो गये हैं। प्रधानमंत्री जी कम से कम वादा करके जाते कि जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन करने के बाद बेचा नहीं जाएगा। लगता तो ऐसा है कि यह उद्घाटन भी बेचने के लिए हुआ है। यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री जी एटीएम की बात कर रहे थे। समाजवादी लोग तो दस साल से सरकार में नहीं है। उन्हें अपनी छोटी एटीएम का ही हिसाब किताब कर लेना चाहिए था। अखिलेश यादव ने कहा कि जेवर में एयरपोर्ट बनाने के लिए एनओसी दिलाने का काम समाजवादी सरकार में हुआ था। इस सरकार ने आधा-अधूरा एयरपोर्ट का उद्घाटन किया है। किसानों की जमीनों का बाजार भाव से मुआवजा नहीं मिला है। अभी एयरपोर्ट का फेज-टू, फेज थ्री और फेज फोर भी बनेगा। समाजवादी सरकार में किसानों का जमीनों को बाजार भाव से मुआवजा देंगे और 64 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा 4 फीसदी विकसित प्लाट भी देंगे। समाजवादी पेंशन योजना फिर शुरू करेंगे। साथ ही स्त्री सम्मान समृद्धि योजना लाकर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देंगे। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लगाये गये झूठे और फर्जी सभी मुकदमें वापस होंगे। अखिलेश यादव ने रैली में आये सभी नेताओं, कार्यकर्ताओं, आम जनता को धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस रैली में बहुत लोगों के होश उड़ा दिए हैं। समाजवादी पार्टी की रैली से पहले एक रैली हुई थी। उस रैली में लोग आये नहीं थे, लाए गए थे। सबसे बड़ी पार्टी का दावा करने वाली पार्टी को सरकार कर्मचारियों को लाना पड़ा। कॉलेज के छात्रों को बुलाया गया था। समाजवादी पार्टी की रैली में जो लोग आये है वे भाजपा की लखनऊ और दिल्ली की सरकार की छुट्टी कर देंगे। समाजवादी समानता भाईचारा रैली की अध्यक्षता पूर्व सांसद हरीश पाल ने की। संयोजक समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता राज कुमार भाटी रहे। समाजवादी समानता भाईचारा रैली में ऐतिहासिक भीड़ जुटी। रैली में किसान, नौजवान, युवा और महिलाओं सहित सभी वर्गो की भारी तादात में भागीदारी रही। रैली को नेता विरोधी दल विधानसभा माता प्रसाद पाण्डेय, राज्यभा सदस्य रामजी लाल सुमन, सांसद हरेन्द्र मलिक, सांसद धर्मेन्द्र यादव, सांसद इकरा हसन, विधायक अतुल प्रधान, पूर्व मंत्री जावेद आब्दी ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर सांसद मोहिबुल्लाह नदवी, पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, शाहिद मंजूर, कमाल अख्तर विधायक, पूर्व सांसद एसटी हसन, विधायक नाहिद हसन, पूर्व विधायक योगेश वर्मा, जितेन्द्र यादव, कृष्ण कन्हैया पाल राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी अधिवक्ता सभा, लक्ष्मी धनगर जिला अध्यक्ष समाजवादी पार्टी जनपद अलीगढ़, मुकीम अहमद चौधरी अधिवक्ता प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी अधिवक्ता सभा दिल्ली, विजय चौधरी, जगवीर गुर्जर, फकीर चंद, महानगर अध्यक्ष आसरे गुप्ता एवं बिजेन्द्र नागर समेत बड़ी संख्या में अन्य नेता एवं पार्टी संगठन के तमाम लोग मौजूद रहे।
Follow Samachar24