Loading...

बाबा नीब करौरी जन्मस्थली बनेगी पर्यटन हब, कन्वेंशन सेंटर का काम 90% पूरा

Gargachary Times 29 March 2026, 20:59 80 views
Firozabad
बाबा नीब करौरी जन्मस्थली बनेगी पर्यटन हब, कन्वेंशन सेंटर का काम 90% पूरा
उत्तर प्रदेश में आस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए फिरोजाबाद स्थित बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली पर बड़े स्तर पर विकास कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में यहां एक आधुनिक कन्वेंशन सेंटर का निर्माण तेजी से जारी है, जिसका करीब 90 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। इस परियोजना के अप्रैल 2026 माह के अंत तक पूर्ण होने की संभावना है। करीब 865.98 लाख रुपए की लागत से बन रहे इस कन्वेंशन सेंटर पर अब तक 769.74 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। यह केंद्र न सिर्फ धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं भी उपलब्ध कराएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा कन्वेंशन सेंटर कन्वेंशन सेंटर में मल्टीपर्पज हॉल, सांस्कृतिक ब्लॉक और एक आधुनिक एग्जीबिशन हॉल बनाया जा रहा है। इस एग्जीबिशन हॉल में नीब करौरी बाबा के जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं और उनकी आध्यात्मिक यात्रा को प्रदर्शित किया जाएगा, जिससे श्रद्धालु उनके जीवन दर्शन को करीब से समझ सकेंगे। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर शौचालय, डाइनिंग हॉल, लगभग 50 लोगों की क्षमता वाली कैफेटेरिया और किचन की सुविधा होगी। वहीं, प्रथम तल पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग डॉर्मिटरी बनाई जा रही हैं, जिनमें 30 डबल बेड के जरिए करीब 60 लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा, क्षेत्र में कनेक्टिविटी सुधारने के लिए एक दूसरी परियोजना भी हाल ही में शुरू की गई है, जिस पर ₹1.77 करोड़ की लागत आएगी। इस परियोजना के तहत सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही और भी आसान हो सकेगी। आस्था, विकास और रोजगार का नया संगम-जयवीर सिंह पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि,“कन्वेंशन सेंटर और सड़क परियोजना से क्षेत्र का विकास मॉडल पूरी तरह बदलने जा रहा है। बाबा नीब करौरी की जन्मस्थली को हम एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित कर रहे हैं, जहां श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। मंत्री ने बताया कि,"यह परियोजनाएं न सिर्फ आस्था को सशक्त करेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देंगी। हमारी कोशिश है कि यहां आने वाले हर व्यक्ति को सुगम कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाएं और एक आध्यात्मिक अनुभव- तीनों एक साथ मिलें।” अकबरपुर बनेगा वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र- अमृत अभिजात अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि, "उत्तर प्रदेश को एक प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रदेश सरकार लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में बाबा नीब करौरी महाराज की जन्मस्थली अकबरपुर, फिरोजाबाद को विशेष रूप से संवारा जा रहा है, ताकि देश और दुनिया के लोग इस पावन स्थल से परिचित हो सकें।" उन्होंने कहा कि, "अक्सर श्रद्धालु कैंची धाम, उत्तराखंड जाते हैं, लेकिन बहुत कम लोगों को उनकी जन्मस्थली के बारे में जानकारी है। हमारा उद्देश्य इस स्थान को वैश्विक पहचान दिलाना है। इसके लिए यहां आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, जैसे कन्वेंशन सेंटर, एग्जीबिशन स्पेस और होम-स्टे, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। यह पहल न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ाएगी, बल्कि स्थानीय रोजगार और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।"
Follow Samachar24