भव्य शोभायात्रा के साथ मुखराई की माटी में प्रारंभ हुआ श्यामा - श्याम मिलन महोत्सव
Gargachary Times
1 April 2026, 19:47
94 views
Mathura
राधाकुंड। राधारानी की ननिहाल मुखराई की माटी में श्यामा श्याम मिलन महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य शोभायात्रा के साथ ही श्रीमद्भागवत सप्ताह पारायण और श्री कृष्ण रासलीला के शुभारंभ से हो गया। महोत्सव में मुखराई गांव की आभा अध्यात्म और प्रेमरस से सराबोर हो रही है।
महंत गर्वीली शरण जी महाराज के इक्कीसवे गोलोकवास के उपलक्ष्य में आयोजित श्यामा श्याम मिलनोत्सव में परम गौसेवी संत प्रेमधन लालन जी महाराज ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य का वर्णन करते हुए कहा कि अपनेपन की प्रगाढ़ता में ही भक्ति की पुष्टि है। हमारे आराध्य यदि चतुर्भुज हो जाएं तो भी वे हमारे ललन ही हैं और यदि वे गोवर्धन धारण कर लें तो भी वे हमारे सखा ही हैं। उन्होंने कहा कि भगवान केवल हमारे पुष्ट भाव को ही अंगीकार करते है और फिर हमें अपने परिकर में कृपापूर्वक निजत्व प्रदान करते हैं। शुभारंभ की पावन बेला में नाभा पीठाधीश्वर महंत सुतीक्ष्ण दास महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि राधारानी की यह ननिहाल वास्तव में हम सभी की ननिहाल है। महोत्सव संयोजक महंत यादव शरण महाराज बाबू बाबा ने व्यासपीठ का पूजन किया।
इससे पूर्व संतों, वैष्णवों और बृजवासियों द्वारा श्री राधारानी मंदिर तक भव्य शोभायात्रा हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। जिसका बृजवासियों द्वारा स्थान - स्थान पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया। शोभायात्रा में श्रद्धालु राधारानी और गिरिराज महाराज के सुमधुर भजनों पर थिरकते और श्यामा श्याम के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। सायंकाल राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित रासाचार्य स्वामी फतेह कृष्ण जी द्वारा गोवर्धनधरण प्रभु श्रीकृष्ण की मनोहारी माखन चोरी लीला का मंचन किया गया। जिसका अवलोकन कर श्रद्धालु अभिभूत दिखे। इस अवसर पर राधाकांत शर्मा, तुलसी स्वामी, घनश्याम शर्मा, कांता शर्मा, रागिनी कौशिक, माधुरी शर्मा, सुनील पंडित, अजय शर्मा, जुगल किशोर शर्मा, भरत शर्मा, योगेश शर्मा, राधिका शर्मा, शैलू शर्मा, गोविंद पंडित, हिमांशु शर्मा, राधा शर्मा, सुप्रिया शर्मा आदि उपस्थित रहे।