Loading...

दादरी में सपा की रैली देख उड़ गए भाजपा के होश: अखिलेश यादव

Gargachary Times 2 April 2026, 20:22 112 views
Lucknow
दादरी में सपा की रैली देख उड़ गए भाजपा के होश: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि दादरी में समाजवादी पार्टी को मिले जनसमर्थन से भाजपा के होश उड़ गये हैं। रैली के बाद सरकार के लोगों की भाषा बदल गयी है। सरकार अब जेपीएनआईसी, गोमती रिवरफ्रंट और मेट्रो की बात करने लगी है। वह कह रहे हैं कि मेट्रो उन्होंने चलवायी है जबकि जनता सच्चाई जानती कि मेट्रो समाजवादी सरकार में चली है। जनता पूछ रही है कि यह बात असल में कह रहे हैं या असर में कह रहे है। अखिलेश यादव ने कहा कि जब से भाजपा सरकार बनी है एक वनस्पति का बहुत विकास हुआ है। लखनऊ में फिर 200 किलोग्राम वनस्पति पकड़ी गयी है। अभी तक हम जानते थे ओटीटी पर गांजागंज फिल्म बनेगी लेकिन अब लगता है धुंआ धुंआधार भी फिल्म बनेगी। धुंआ बहुत उड़ रहा है। अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में जिला संगठनों की बैठक के बाद आयोजित प्रेस कांफ्रेस में कहा कि पार्टी संगठन ने 2024 में बहुत शानदार काम किया था। पीडीए की आवाज बुलंद की थी। सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाते हुए जनता का सहयोग लिया था। आज हम सबने मिलकर सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए सरकार बनाने का संकल्प लिया है। अखिलेश यादव ने कहा कि जैसे अन्य प्रदेशों का विधानसभा चुनाव खत्म होगा वैसे ही भाजपा की पूरी फौज, बटालियन यूपी में आ जाएगी। हम देख रहे है कि दूसरे राज्यों में जहां चुनाव चल रहा है वहां भाजपा और चुनाव आयोग मिलकर क्या-क्या काम कर रहे हैं। संगठन के लोग सावधान रहकर भाजपा की साजिश और षड्यंत्र को नाकाम करेंगे। प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने के लिए जमीन पर काम करेंगे। समाजवादी सरकार बनेगी, जनता के बुरे दिन खत्म हो जाएंगे। अखिलेश यादव ने कहा है कि चुनाव के दौरान राज्यों के मुख्य सचिव, डीजीपी और अन्य अधिकारी चुनाव आयोग के निर्देश पर तैनात होते हैं। उन्हीं के निर्देश पर काम करते हैं। चुनाव के समय कोई घटना होती है तो चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है। बंगाल में जो भी घटनाएं हो रही है, उसके लिए चुनाव आयोग जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हमारा सवाल है, पिछली बार जब यूपी का चुनाव हुआ था तो क्या इतने अधिकारी हटाए गये थे, जितने बंगाल में हटाए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी ने उस समय कई अधिकारियों की शिकायत की थी, अधिकारी भाजपा के एजेण्ट बनकर काम कर रहे थे लेकिन कोई अधिकारी नहीं हटाया गया। इधर हम देख रहे है भाजपा के भ्रष्टाचार से वे अधिकारी भी निराश और दुःखी है जिनसे चुनाव में भाजपा ने काम लिया था। भाजपा ने अधिकारियों को चुनाव में अपने पक्ष में काम तो ले लिया लेकिन उनका काम नहीं किया। अयोध्या में एक अधिकारी पर बड़े पैमाने पर आरोप थे, भाजपा ने उससे चुनाव में बेईमानी करवा लिया लेकिन उससे जो वादा किया था, वो राहत नहीं मिली। अखिलेश यादव ने कहा कि क्या चुनाव आयोग उत्तर प्रदेश में भी पश्चिम बंगाल की तरह अधिकारियों को हटाएगा। विपक्ष ने जिन अधिकारियों की शिकायतें की थी, क्या उन पर कार्रवाई हुई। एसआईआर के दौरान वोट कटवाने के लिए भाजपा ने अंगूठा लगाने वाले नन्दलाल से फर्जी दस्तखत करवा लिया लेकिन चुनाव आयोग ने किसी पर कार्रवाई नहीं की। अखिलेश यादव ने आम जनता के साथ पत्रकारों से भी अपील की कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी के नेतृत्व में लोकतांत्रिक सरकार लाएं, जो गरीब, किसान, मजदूर सबकी सुनेगी और पीड़ितों को न्याय दिलायेगी। नकली नोट के मामले में अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में गोरखधंधा चल रहा है। देवरिया और गोरखपुर के बीच कितनी दूरी है? कुशीनगर में भी इसी तरह का मामला आया था, अधिकारियों ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए झूठे आरोप में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता को जेल भेज दिया था। वह हाईकोर्ट से निर्दोष छूट गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितना नकली और गलत काम हो रहा है, उसमें सब भाजपा के लोग शामिल है। कानपुर में किडनी वाले मामले में भी भाजपा के लोग शामिल है। सोचने वाली बात है, स्वास्थ्य मंत्री को कुछ होश ही नहीं है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से किसानों को कोई उम्मीद नहीं है। खेती का लागत मूल्य बढ़ता जा रहा है। भाजपा ने आय दोगुनी करने का वादा किया था वो नहीं पूरा किया। खाद, बीज, कीटनाशक सब चीज का दाम बढ़ता जा रहा है। सरकार ने आलू खरीदने के लिए कहा था, लेकिन एक किलो भी आलू नहीं खरीदा। रसोई गैस नहीं मिल रही है, लाइनें लगी हैं। एलपीजी लापता गैस हो गयी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड टूट गए है। लखनऊ में बने ग्रीन कारीडोर में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। ग्रीन कारीडोर पर जाते ही पता चल जाएगा कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। जल-जीवन-मिशन में पानी की टंकियां तो भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार को शह नहीं पा रही है। क्या भाजपा के पानी की टंकियों के पास वे जाकर प्रेस से बात कर सकते हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने किसानों को जमीनों के लिए भरपूर मुआवजा दिया था। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे में यहां दो गांवों को शिफ्ट किया गया था, सरकार ने गांव के किसानों का बाजार भाव से मुआवजा दिया था। किसानों ने खुशी-खुशी जमीनें दी थी। इसी का नतीजा रहा है कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे रिकार्ड समय में बनकर तैयार हुआ। समाजवादी सरकार ने नोएडा, गौतमबुद्धनगर में किसानों को मुआवजे के साथ ही 64 फीसदी अतिरिक्त मुआवजा दिया और 4 फीसदी प्लाट भी दिया। आने वाले समय में समाजवादी सरकार बनने पर किसानों की जमीनों के लिए बाजार भाव से मुआवजा देंगे। जेवर एयरपोर्ट में अभी एक ही फेज बना है। इसमें फेज-2, 3, 4 बनना है।
Follow Samachar24