वृन्दावन में जाम की समस्या से निजात हेतु व्यापार मंडल ने पुलिस अधिकारियों के साथ किया मौका मुआयना
Gargachary Times
3 April 2026, 20:40
1061 views
Mathura
वृन्दावन: धर्मनगरी में लंबे समय से नासूर बनी जाम की समस्या के समाधान के लिए शुक्रवार को नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मोर्चा संभाला। संगठन के सदस्यों ने एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार और सीओ ट्रैफिक आशीष के साथ अनाज मंडी व अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। गौरतलब है कि नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के पदाधिकारी पूर्व में भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ इस गंभीर मुद्दे पर वार्ता कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं निकल सका था। शुक्रवार को हुए निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मौके पर जाकर उन प्रमुख बिंदुओं का आंकलन किया, जहाँ से जाम की स्थिति पैदा होती है। निरीक्षण के बाद एसपी ट्रैफिक मनोज कुमार ने आश्वस्त किया कि मुख्य बाजारों में लगने वाले जाम के कारणों को चिन्हित कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही महत्वपूर्ण स्थानों पर अतिरिक्त ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि बाहरी वाहन बाजारों के संकरे रास्तों में प्रवेश न कर सकें।
एसपी ट्रैफिक ने आगे कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए केवल पुलिस ही नहीं, बल्कि नगर निगम और विद्युत विभाग के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। सड़कों पर होने वाले अतिक्रमण और बिजली के लटकते तारों जैसे अवरोधों को दूर करने के लिए विभागों के बीच सामंजस्य बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को जाम से स्थाई मुक्ति मिल सके।
वही नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष आलोक बंसल ने बताया कि वृंदावन में लगातार जाम की समस्या नासूर बन चुकी है। जिसको लेकर समय-समय पर अधिकारियों के साथ बैठक कर उपाय निकल जाते हैं, लेकिन वह सभी नाकाम साबित होते हैं। आज शुक्रवार को एसपी ट्रैफिक और सीओ ट्रैफिक के साथ मिलकर वृंदावन नगर के संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण करा कर व्यवस्था बनाने की कवायद की गई है। वही उन्होंने बताया कि नगर के कई पॉइंट्स पर व्यवस्थाएं देखी गई है। जिसमें कई जगह पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जाएगी। जिससे की नगर में बाहरी वाहन न प्रवेश कर सकें। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि वृंदावन वासियों और व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। इस मौके पर लक्ष्मीनारायण दीक्षित, आशीष ठाकुर, आनंद गुप्ता, भीमसेन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, हिमांशु आदि व्यापारी नेता मौजूद रहे।