Loading...

मुठभेड़ में भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश 7 गिरफ्तार, 3 बदमाश गोली लगने से घायल, हथियार व पिकअप बरामद

Gargachary Times 6 April 2026, 09:47 124 views
Firozabad
मुठभेड़ में भैंस चोर गिरोह का पर्दाफाश 7 गिरफ्तार, 3 बदमाश गोली लगने से घायल, हथियार व पिकअप बरामद
फिरोजाबाद के थाना एका क्षेत्र में पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में अन्तरजनपदीय भैंस चोरी करने वाले गिरोह का बड़ा खुलासा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस मुठभेड़ में 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 3 बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। घायल अभियुक्तों में सलीम उर्फ धूमी, कल्लू उर्फ करुआ और जुम्मन खां शामिल हैं, जिन्हें पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, अन्य चार अभियुक्त—शहजाद, अफसर, फैजल और राहुल को घेराबंदी कर मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह रात के समय ग्रामीण इलाकों में भैंस चोरी कर मैक्स पिकअप के जरिए उन्हें कट्टी घरों में बेच देता था और पैसे आपस में बांट लेता था। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से 3 अवैध तमंचे, 6 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस, 14 हजार रुपये नकद, एक भैंस, एक बछड़ा (लवारा) और घटना में प्रयुक्त मैक्स पिकअप बरामद की गई है। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब 3 अप्रैल को एक व्यक्ति ने अपनी भैंस चोरी होने की रिपोर्ट थाना एका में दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नगला धारू और झालगोपालपुर के बीच चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। बदमाशों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षार्थ गोली चलाई। गिरफ्तार अभियुक्तों में जुम्मन खां पर दो दर्जन से अधिक, जबकि सलीम और कल्लू पर करीब एक-एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
Follow Samachar24