Loading...

Jio Hotstar कंटेंट की पायरेसी करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह पकड़ा, 3 गिरफ्तार

Gargachary Times 6 April 2026, 19:55 109 views
Firozabad
Jio Hotstar कंटेंट की पायरेसी करने वाला अंतर्राज्यीय साइबर गिरोह पकड़ा, 3 गिरफ्तार
फिरोजाबाद में साइबर क्राइम सेल और थाना साइबर अपराध पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए IPTV के माध्यम से कॉपीराइटेड कंटेंट का अवैध प्रसारण करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों—पदम सिंह, अशोक धीमान और जगदीश कुमार—को विजयपुरा तिराहा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ‘BOS IPTV’ नामक अवैध प्लेटफॉर्म के जरिए Jio Hotstar सहित विभिन्न चैनलों का अनाधिकृत प्रसारण कर रहे थे। इसके लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर करीब 900 से अधिक यूजर्स को जोड़ा गया था। ग्राहकों को ऐप लिंक, यूजर आईडी और पासवर्ड देकर सब्सक्रिप्शन के नाम पर QR कोड से पैसे वसूले जाते थे। जांच में सामने आया कि ठगी से जुटाई गई रकम को अलग-अलग बैंक खातों, यूपीआई आईडी और पोस्ट ऑफिस आरडी खातों में ट्रांसफर कर मनी लॉन्ड्रिंग की जा रही थी। पुलिस ने अभियुक्त जगदीश कुमार के बैंक खाते में करीब 20 लाख रुपये फ्रीज कराए हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, 3 मोबाइल फोन, 8 पासबुक, सिम कार्ड और भारी मात्रा में डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस इन उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज रही है और व्हाट्सएप चैट व ट्रांजेक्शन की गहन पड़ताल जारी है। पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। यह नेटवर्क पंजाब और राजस्थान तक फैला हुआ बताया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई की जा रही है
Follow Samachar24