Loading...

भाजपा जब मुद्दों से हारती है तब संस्थाओं के पीछे छिप कर हमले करती है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 10 April 2026, 21:42 101 views
Jaipur
भाजपा जब मुद्दों से हारती है तब संस्थाओं के पीछे छिप कर हमले करती है: अखिलेश यादव
जयपुर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा जब मुद्दों से हारती है तब संस्थाओं के पीछे छिपकर हमले करती है। भाजपा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। वह ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स के नाम पर बेनकाब हो चुकी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने फर्जी दस्तखत से वोट कटवाने की साजिश की। समाजवादी पार्टी का वोट कटवाने के लिए फर्जी हस्ताक्षरों से बड़े पैमाने पर फार्म 7 भरे गये। समाजवादी पार्टी ने शिकायत की लेकिन चुनाव आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। जो व्यक्ति दस्तखत नहीं कर सकता भाजपा के लोगों ने उसके फर्जी साइन किए लेकिन किसी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। शुक्रवार में दो दिवसीय दौरे पर जयपुर पहुंचे श्री अखिलेश यादव ने एयरपोर्ट पर मीडिया से बात करते हुए कहा कि जयपुर के वातावरण में साझी विरासत घुली हुई है। जयपुर पिंक सिटी के नाम से जाना जाता है। हम जयपुर में पीडीए की पौध लगाने आये हैं। भाजपा सरकार में बहुत अन्याय, अत्याचार, पीड़ा है। जहां पीड़ा है, वही पीडीए है। समाजवादी पार्टी पीडीए को एकजुट कर सामाजिक न्याय का राज लाने का काम कर रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठे वादे करती है। वह अपना घोषणा पत्र पलट कर कभी नहीं देखती है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था, महंगाई कम करने की बात की थी, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया। भाजपा के लोग झूठे वादे करते हैं। पूरे देश में किसान की आय कहीं नहीं बढ़ी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने देश को विश्व गुरु होने का सपना दिखाया था लेकिन वैश्विक संकट और युद्ध काल के दौरान सरकार और प्रधानमंत्री जी ने मौका खो दिया, अगर प्रधानमंत्री जी इजरायल दौरे के बाद अपने देश वापस लौटते समय ईरान में उतर गये होते तो आज दुनिया उन्हें विश्वगुरू के रूप में मान लेती। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग पूज्यनीय शंकराचार्य जी का हर जगह अपमान कर रहे हैं। शंकराचार्य जी को धमकी मिल रही है उन्हें सुरक्षा देने की जिम्मेदारी सरकारों की हैं। अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण को लेकर कहा कि भाजपा महिलाओं के साथ न्याय नहीं कर रही है। जब एक तिहाई आरक्षण की बात हो रही है तो इसका मतलब गिनती की बात हो रही है। महिलाओं का आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव के दौरान लागू होगा तो जल्दबाजी क्या है? आरक्षण का बिल 2011 की जनगणना के आधार पर क्यों लाया जा रहा है? नए जनगणना के आधार पर क्यों नहीं लाया जा रहा है? दरअसल भाजपा महिलाओं को एक बार फिर धोखा देना चाहती है। अखिलेश यादव ने कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश में भाजपा को हरायेगी। फिर राजस्थान में पार्टी को मजबूत किया जाएगा। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। इसके एक नहीं अनेक उदाहरण है। उत्तर प्रदेश में जितने उपचुनाव हुए उसमें चुनाव आयोग ने भाजपा के इशारे पर काम किया है। जिन बूथों पर भाजपा चुनाव हारती है उस पर दूसरी पार्टी के वोट कटवा देती है। बंगाल में चिह्नित कर बड़े पैमाने पर वोट काट दिए गये। भाजपा कुछ भी कर ले पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी फिर ऐतिहासिक रूप से चुनाव जीतेंगी। पश्चिम बंगाल में एक नेता के स्टिंग आपरेशन को लेकर श्री यादव ने कहा कि हम लोगों को समय-समय पर जानकारियां मिलती रहती हैं। बहुत सी ताकतें सेकुलर और लोकतांत्रिक राजनीति को नुकसान पहुंचाने का काम कर रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर भी अखिलेश यादव ने कहा कि हम सब और कई साथी चाहते थे कि वे प्रधानमंत्री के रूप में रिटायर हों, लेकिन भाजपा की साजिश और षडयंत्र के कारण अब वे राज्य सभा सांसद के रूप में रिटायर हो जायेंगे। इस अवसर पर अखिलेश यादव के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी मौजूद रहे।
Follow Samachar24