Loading...

सर्वश्रेष्ठ जागरूकता कार्यक्रमों के लिए केडी डेंटल कॉलेज सम्मानित

Gargachary Times 11 April 2026, 20:36 108 views
Eduction
सर्वश्रेष्ठ जागरूकता कार्यक्रमों के लिए केडी डेंटल कॉलेज सम्मानित
मथुरा। मुरादाबाद की तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में "इमर्जिंग ट्रेंड्स इन कंटेंपरेरी डेंटिस्ट्री" विषय पर आयोजित दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल मथुरा को ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वश्रेष्ठ जागरूकता कार्यक्रमों तथा सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान कॉलेज की डीन और प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने ग्रहण किया, इस अवसर पर डॉ. सोनल शुभांगी भी उपस्थित थीं। दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में 200 से अधिक रिसर्च पेपर और 150 पोस्टर प्रस्तुत किए गए। इस वैश्विक मंच पर संस्थान के परास्नातक छात्र-छात्राओं डॉ. कार्तिकेय, डॉ. भारती, डॉ. निहारिका ने पोस्टर प्रजेंटेशन के माध्यम से आधुनिकतम दंत चिकित्सा निदान पर प्रकाश डाला। दो दिवसीय इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में मलेशिया के हेल्थ मिनिस्ट्री के सुल्तान अब्दुल हलीम अस्पताल में चीफ कंसल्टेंट एण्ड जानी मानी ओरल मेडिसिन की एक्सपर्ट डॉ. नोराटिखा बिन्ती अवांग हसीम ने नॉन हीलिंग अल्सर पर अपने विचार साझा किए। डॉ. नोराटिखा ने ट्रॉमैटिक, इंफेक्शियस और प्री कैंसरस अल्सर को प्रमुख बताया। उन्होंने बताया कि सही निदान के लिए बायोप्सी, क्लीनिकल परीक्षण और इमेजिंग तकनीकों का उपयोग किया जाना उपयुक्त है। उन्होंने उपचार में दवाइयों के साथ-साथ आवश्यक होने पर सर्जिकल हस्तक्षेप की भूमिका को उचित बताते हुए जांच और जागरूकता को सबसे प्रभावी बचाव उपाय बताया। आंध्र प्रदेश से आए विष्णु डेंटल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एवी रामा राजू ने आधुनिक दंत चिकित्सा एवं भविष्य की डेंटिस्ट्री के परिवर्तन पर एक प्रभावशाली व्याख्यान दिया। डॉ. राम राजू ने बताया कि आधुनिक तकनीकों जैसे डिजिटल डेंटिस्ट्री, थ्रीडी इमेजिंग और लेजर तकनीक के उपयोग से दंत चिकित्सा में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने भविष्य की डेंटिस्ट्री को अधिक सटीक, तेज और मरीज-केंद्रित बताते हुए छात्र-छात्राओं को नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। केडी डेंटल कॉलेज मथुरा के डॉ. कार्तिकेय, डॉ. भारती, डॉ. निहारिका ने पोस्टर प्रजेंटेशन के माध्यम से दंत चिकित्सा प्रौद्योगिकी में हुई प्रगति को रेखांकित किया। कॉन्फ्रेंस के समापन अवसर पर केडी डेंटल कॉलेज, मथुरा की डीन और प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर समेत 20 डेंटल शिक्षाविदों को दंत चिकित्सा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट कार्यों और नवाचारों के लिए विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी में मिले सम्मान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्राचार्या डॉ. नवप्रीत कौर ने सभी का आभार माना और कहा कि यह केडी डेंटल कॉलेज एण्ड हॉस्पिटल द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे सेवाभावी कार्यों और जन जागरूकता कार्यक्रमों का सुफल है। आर.के. एज्यूकेशनल ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. रामकिशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक मनोज अग्रवाल, केडी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी आदि ने इसे संस्थान के लिए गौरवशाली अध्याय बताया। संस्थान के विभागाध्याक्षों और प्राध्यापकों डॉ. विनय मोहन, डॉ. सोनल गुप्ता, डॉ. अजय नागपाल, डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौहान, डॉ. सिद्धार्थ सिसोदिया, डॉ. अनुज गौड़, डॉ. मनीष भल्ला, डॉ. विवेक शर्मा, डॉ. राजीव, डॉ. जूही, प्रशासनिक अधिकारी नीरज छापड़िया आदि ने भी इसे गौरवशाली पल बताया।
Follow Samachar24