महुअन में बिना स्थानीय अनुमति अम्बेडकर प्रतिमा लगाने पर अड़ा पेंच, सीओ-थाना प्रभारी ने रोका काम, आयोजकों का दावा- 'शासन से मिल चुकी है मंजूरी'
Gargachary Times
13 April 2026, 20:38
64 views
Mathura
फरह। (मथुरा)13 अप्रैल ग्राम महुअन स्थित अम्बेडकर पार्क में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर सोमवार को उस वक्त विवाद की स्थिति बन गई जब पुलिस-प्रशासन ने बिना स्थानीय अनुमति के हो रहे कार्य को रुकवा दिया। क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी और थाना प्रभारी छोटे लाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और आयोजकों को नियमानुसार अनुमति के बाद ही अनावरण करने की सख्त हिदायत दी।
जानकारी के अनुसार महुअन गांव में 14 अप्रैल, अम्बेडकर जयंती के दिन प्रतिमा अनावरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसके लिए पार्क में तैयारियां जोरों पर थीं। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि सार्वजनिक स्थान पर बिना प्रशासनिक स्वीकृति के मूर्ति स्थापित की जा रही है। सूचना पर सीओ रिफाइनरी व थाना प्रभारी छोटे लाल सोमवार दोपहर गांव पहुंचे और आयोजन समिति के पदाधिकारियों से अनुमति संबंधी कागजात तलब किए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासन के नियमों के तहत किसी भी सार्वजनिक स्थान, चौराहे या पार्क में महापुरुषों की मूर्ति स्थापित करने से पहले जिला प्रशासन यानी डीएम कार्यालय से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य है। बिना स्थानीय अनुमति के मूर्ति स्थापना से कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है, इसलिए नियमानुसार चलना जरूरी है।
वहीं कार्यक्रम के संयोजक एस.पी. निगम और अध्यक्ष कालीचरण सुमन ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि प्रतिमा स्थापना के लिए समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के पत्र पर शासन स्तर से अनुमति मिल चुकी है। लेकिन तकनीकी कारणों से अभी तक वह अनुमति आदेश मथुरा के स्थानीय अधिकारियों तक नहीं पहुंच पाया है। आयोजकों ने आश्वस्त किया कि वे कानून का पूरा सम्मान करते हैं और जिला प्रशासन के अधिकारियों से लिखित आदेश मिलने के बाद ही मूर्ति का अनावरण किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने मौके पर काम रुकवा दिया है और दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। थाना प्रभारी छोटे लाल ने कहा कि जैसे ही शासन का आदेश स्थानीय स्तर पर प्राप्त होगा, नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गांव में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।