पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, परिजनों ने प्रेमी पर लगाया हत्या का आरोप
Gargachary Times
13 April 2026, 21:07
86 views
Firozabad
फिरोजाबाद। थाना नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मी में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव खेत में पेड़ पर लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भारी भीड़ जुट गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मृतक की पहचान रविन्द्र (35) पुत्र भीकम सिंह निवासी गढ़ी धर्मी के रूप में हुई है, जो गांव गढ़ी भाऊ पर मकान बनाकर रह रहा था। बताया जा रहा है कि उसका शव उसी स्थान पर खेत में लगे पेड़ पर लटका मिला।
परिजनों के अनुसार, मृतक की पत्नी गौरी बीते 5 अप्रैल को गांव के ही एक युवक के साथ चली गई थी। इस घटना के बाद से परिवार में तनाव बना हुआ था। मृतक के तीन बच्चे हैं—गगन (15), सुमित (10) और बेटी लता।
परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पत्नी के साथ गए युवक (प्रेमी) ने ही रविन्द्र की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना अध्यक्ष पारुल मिश्रा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और हालात को नियंत्रित करने में जुटी हैं।
वहीं, आक्रोशित परिजन आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं और उन्होंने शव को नीचे उतारने से इनकार कर दिया है। पुलिस लगातार परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।
बताया जाता है कि मृतक की ससुराल ढोलपुरा में है और वह चूड़ी कारखाने में काम करता था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।