Loading...

25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Gargachary Times 13 April 2026, 21:07 73 views
Firozabad
25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लाइनपार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पैर में गोली लगी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी मोहनलाल पुत्र देवेंद्र, निवासी बारेलाल की ठार, गुदाऊ, थाना लाइनपार को गुदाऊशाला क्षेत्र से पकड़ा गया। मुठभेड़ में घायल होने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया गया है कि आरोपी मोहनलाल 3 अप्रैल 2026 की रात थाना लाइनपार क्षेत्र में एक घटना में वांछित था। उसने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरियर को ट्रैक्टर से टक्कर मारकर तोड़ दिया था और पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास किया था। इस घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान की गई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर-ट्रॉली बरामद की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी सहित अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना लाइनपार प्रभारी रमित कुमार आर्य और पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Follow Samachar24