फिरोजाबाद में ‘आवास योजना’ के नाम पर बड़ा खेल! पक्के मकानों को दिखाया खाली प्लॉट, दलाल कर रहा ठगी
Gargachary Times
13 April 2026, 21:09
117 views
Firozabad
फिरोजाबाद। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक शातिर व्यक्ति भोले-भाले लोगों को गुमराह कर उनसे मोटी रकम ऐंठ रहा है और पहले से बने पक्के मकानों को कागजों में खाली जमीन दिखाकर सरकारी धन पास कराने का झांसा दे रहा है।
मामला अमृत नगर, ठार पूठा सहित कई इलाकों से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां दो-दो मंजिला बने मकानों को भी कागजों में खाली प्लॉट दर्शाया जा रहा है। इतना ही नहीं, पहले से लगे आवास योजना के प्लेट/बोर्ड को हटाकर दोबारा योजना का लाभ दिलाने का खेल भी चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे खेल में एक दलाल बीच में सक्रिय है, जो खुद को डूडा (DUDA) विभाग का अधिकारी बताकर लोगों को सरकारी योजना का लाभ दिलाने का भरोसा देता है और बदले में उनसे पैसे वसूल करता है। लोगों को यह भरोसा दिलाया जाता है कि उनका आवास दोबारा स्वीकृत कराकर खाते में सरकारी धन डलवा दिया जाएगा।
इस ठगी के मामले में श्याम सुंदर पुत्र शिव चरण यादव, निवासी मेहताब नगर थाना लाइनपार, फिरोजाबाद का नाम सामने आ रहा है, जो कथित रूप से इस फर्जीवाड़े को अंजाम दे रहा है।
वहीं इस पूरे मामले पर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त निहाल चंद्र ने बताया कि पहले भी इस तरह के मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें कुछ लोग प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर भोले-भाले लोगों से ठगी करते हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर रोष है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे ठगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का सही लाभ मिल सके।