उल्टी दिशा से आए बेलगाम डंपर ने मजदूरों को रौंदा, एक की मौत
Gargachary Times
17 April 2026, 09:25
7 views
Mathura
फरह। फरह क्षेत्र में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लेदर फैक्ट्री से मजदूरी कर पैदल घर लौट रहे मजदूरों को उल्टी दिशा से आ रहे तेज रफ्तार मिट्टी के डंपर ने कुचल दिया। हादसे में मजदूर प्रमोद पुत्र रामदास की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर आशिक पुत्र जंबो गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों मजदूर सड़क किनारे साइकिल से जा रहे थे। तभी रात के अंधेरे में उल्टी दिशा से तेज रफ्तार डंपर आया और उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रमोद ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि फरह क्षेत्र में दिन-रात मिट्टी के डंपर और ट्रैक्टर बेलगाम दौड़ते हैं। रात में अवैध खनन कर ये वाहन उल्टी दिशा में भी चलते हैं, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी अवैध मिट्टी खनन माफिया पुलिस से उलझकर ट्रैक्टर लेकर भाग गए थे। आरोपी अब तक फरार हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और डंपर को जब्त कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अवैध खनन और उल्टी दिशा में दौड़ने वाले डंपरों पर तत्काल रोक लगाई जाए।