बैसाखी पर्व पर खालसा सृजना दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया
Gargachary Times
17 April 2026, 09:30
1 views
Agra
आगरा पावन बैसाखी पर्व एवं खालसा सृजना दिवस के शुभ अवसर पर गुरुद्वारा गुरमत प्रकाश, बल्केश्वर में एक भव्य और आध्यात्मिक गुरमत समागम का आयोजन धन धन गुरु ग्रन्थ साहिब ज़ी की हजूरी में अत्यंत श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ, इस पावन अवसर पर गुरुबाणी की मधुर स्वर लहरियों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और संगतों ने गुरु महाराज की हजूरी में उपस्थित होकर आत्मिक आनंद की अनुभूति की,
समागम की शुरुआत प्रातः श्री अखंड पाठ साहिब जी की सम्पूर्णता के साथ हुई, जिसके उपरांत निशान साहिब के चोले की सेवा गुरु रूप संगतों द्वारा बड़े ही श्रद्धा भाव से निभाई गई, इस दौरान हजूरी रागी सिंह, विकास सिंह एवं जोगेंद्र सिंह ने गुरुबाणी कीर्तन द्वारा संगतों को गुरु चरणों से जोड़े रखा,
विशेष रूप से शिरोमणि कमेटी के धर्म प्रचारक भाई साहब दर्शन सिंह जी ने अपने प्रेरणादायक कथा-विचारों के माध्यम से संगतों को गुरु साहिबानों की महानता, खालसा पंथ की स्थापना और बैसाखी पर्व के ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया, उनके वचनों ने उपस्थित संगतों के हृदय में गुरु भक्ति की ज्योति प्रज्वलित कर दी,
गुरुद्वारा दुख निवारण, गुरु का ताल के हाजूरी रागी भाई साहब हरजीत सिंह जी द्वारा अमृतमय आलौकिक कीर्तन ने पूरे वातावरण को दिव्यता से भर दिया, संगतें एकचित और एकमन होकर गुरुबाणी रस में लीन हो गईं और गुरु महाराज की प्यारी गोद में बैठकर आध्यात्मिक आनंद का लाभ प्राप्त किया,
समापन अवसर पर ज्ञानी तीर्थ सिंह जी द्वारा अरदास हुक्मनामा लिया गया, इसके पश्चात गुरु का अटूट लंगर निरंतर चलता रहा, जिसमें छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने सेवा भाव से बढ़-चढ़कर भाग लिया,गुरु के लंगर की सेवा में समर्पण और विनम्रता की अद्भुत मिसाल देखने को मिली,
इस पावन समागम में सत्कारयोग प्रधान गुरमीत सिंह, नरेंद्र सिंह बिंद्रा, सतेंद्र सिंह, कुलविंदर सिंह, मनीष खोरेजा, मंजीत सिंह, गुरदयाल बेदी, कुलदीप सिंह भोजवानी, सतपाल सिंह सहित अनेक गणमान्य संगतों ने भाग लेकर खालसा सृजना दिवस भावना पूर्वक मनाया
पूरा गुरुद्वारा परिसर “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोषों से गूंज उठा और बैसाखी का यह पावन पर्व संगतों के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, प्रेम और एकता का संदेश छोड़ गया