Loading...

मोबाइल छिनैती करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Gargachary Times 17 April 2026, 09:36 3 views
Firozabad
मोबाइल छिनैती करने वाला बदमाश पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ पुलिस ने थाना उत्तर और रामगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक बदमाश को बुधवार देर रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और लूटे गए दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार बदमाश की पहचान छोटू उर्फ अवनीश पुत्र सरदार निवासी नगला मिर्जा, थाना रामगढ़ के रूप में हुई है। वह अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर थाना उत्तर और थाना रामगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। उसके दो अन्य साथी पहले ही पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किए जा चुके हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में छिनैती करने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में थाना उत्तर और रामगढ़ में हुई मोबाइल छिनैती की घटनाओं के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से तीन संदिग्धों की पहचान की गई। बुधवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छोटू उर्फ अवनीश हसमत नगर गड्ढों के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजीव दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अवनीश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा। उसके पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पूछताछ में उसने थाना उत्तर और रामगढ़ क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूल की है। पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल को थाना उत्तर क्षेत्र में तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला का मोबाइल फोन छीन लिया था। इस संबंध में थाना उत्तर में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके अगले दिन 11 अप्रैल को थाना रामगढ़ क्षेत्र में भी तीन बाइक सवार युवकों ने एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया था। इन दोनों घटनाओं के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गिरफ्तार बदमाश के खिलाफ थाना उत्तर और थाना रामगढ़ में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव दुबे, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र भाटी, धर्मेन्द्र सिंह, अंकुर कुमार, राजकुमार सिंह, रोहित तोमर सहित रामगढ़ थाने की टीम शामिल रही।
Follow Samachar24