उर्वरक वितरण में असामान्य बढ़ोतरी पर सख्ती, 14 डीलर्स को थमाए नोटिस, एक का लाइसेंस निलंबित
Gargachary Times
17 April 2026, 20:10
87 views
Dholpur
जिले में उर्वरक वितरण में असामान्य बढ़ोतरी को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों द्वारा सख्त कदम उठाए हैं। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) प्रभुदयाल शर्मा ने बताया कि 1 से 10 अप्रैल 2026 के बीच उर्वरक विक्रेताओं द्वारा 356 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण किया गया, जो गत वर्ष की तुलना में लगभग 200 मीट्रिक टन अधिक पाया गया है। उन्होंने बताया कि इस स्थिति को देखते हुए 29 मार्च से 15 अप्रैल तक जिलेभर में उर्वरक विक्रेताओं का सघन निरीक्षण अभियान चलाया गया। निरीक्षण के दौरान फील्ड स्टाफ के माध्यम से पीओएस मशीनों का सत्यापन कराया गया तथा आईएफएमएस पोर्टल से बिक्री एवं स्टॉक के आंकड़ों का मिलान किया गया। उन्होंने बताया कि जांच में अनियमितताएं सामने आने पर 14 उर्वरक डीलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जबकि एक डीलर का अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि किसानों को समय पर और निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, कालाबाजारी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके लिए आगे भी सतत निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।