"सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" के अंतर्गत जनपद के 10 तीर्थयात्रियों को किया विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना
Gargachary Times
18 April 2026, 20:10
91 views
Mathura
मथुरा 18 अप्रैल 2026/ जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत जनपद के 10 तीर्थयात्रियों को किया विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना। "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" भारत की आस्था, संस्कृति और आत्मगौरव का भव्य उत्सव है, जो सोमनाथ मन्दिर के हजार वर्षों की अविचलित यात्रा को स्मरण करता है।
जनपद से 10 तीर्थयात्री सोमनाथ हेतु रवाना किए गए, जिसमें प्रगतिशील किसान श्री हरिपाल सिंह, अंतरराष्ट्रीय कुश्ती खिलाड़ी श्री कुंवरपाल, अध्यक्ष युवा व्यापार मंडल श्री मनीष चतुर्वेदी, ग्राम प्रधान श्रीमती सुमित्रा देवी, युवा उद्यमी श्री मनीष कुमार अग्रवाल, एन0आर0एल0एम0 उद्यमी सुंदरी कुमारी, भिही कला का उद्यमी श्री कलुआ, वीर शहीद की पत्नी श्रीमती विजय देवी, व्यापार संघ महामंत्री श्री मृदुल अग्रवाल एवं ज्योतिषाचार्य श्री विजय कुमार शर्मा है। आज 18.04.2026 को सभी ने लखनऊ के लिए प्रस्थान किया। 19.04.2026 को लखनऊ से स्पेशल ट्रेन द्वारा सोमनाथ को प्रस्थान करेंगे। सोमनाथ संकल्प संवाद, सोमनाथ कॉम्प्लैक्स दर्शन/भ्रमण, लाइट ऐण्ड साउण्ड शो, सोमनाथ म्यूजियम का भ्रमण, भजन संध्या, रूद्राभिषेक, महा आरती, प्रवचन, स्थानीय दर्शनीय स्थलों का भ्रमण, दीपोत्सव आदि कार्यक्रम होंगे।
गुजरात के प्रभास पाटन में स्थित यह मन्दिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम है और इसे 'सौराष्ट्र सोमनाथं च' कहकर सर्वोच्च स्थान दिया गया है। इतिहास में अनेक बार आक्रमण और विध्वंस के बावजूद यह मन्दिर बार-बार पुनर्निर्मित हुआ, जो भारतीय सभ्यता की अदम्य शक्ति और पुनरुत्थान की भावना का प्रतीक है। स्वाभिमान पर्व का संदेश यही है कि सोमनाथ का इतिहास पराजय का नहीं, बल्कि विजय और पुनर्निर्माण का है। यह पर्व हमें यह स्मरण कराता है कि आस्था और संस्कृति समय की कसौटी पर खरे उतरते हैं और सृजन ही स्थायी है, जबकि विनाश क्षणिक।
सोमनाथ मन्दिर केवल धार्मिक स्थल नहीं, अपितु भारत की आत्मा, गौरव और सांस्कृतिक दृढ़ता का जीवन्त प्रतीक है। 1026 C.E. में सोमनाथ मन्दिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 एवं मन्दिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में "सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" का आयोजन 08 से 11 जनवरी, 2026 के मध्य सोमनाथ, गुजरात में किया गया जिसमें मा० प्रधानमंत्री जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मा० गृहमंत्री जी, भारत सरकार की अध्यक्षता में National Implementation Committee (NIC) की दिनांक 16 जनवरी, 2026 को आहूत बैठक में निर्णय लिया गया कि ""सोमनाथ स्वाभिमान पर्व" अटूट आस्था के 1000 वर्ष कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 11 जनवरी, 2026 से 11 जनवरी, 2027 तक सभी राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों के सहयोग से जन भागीदारी के साथ वर्ष पर्यन्त आयोजित किया जाए।