Loading...

पत्नी के लापता होने से परेशान पति, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

Gargachary Times 21 April 2026, 20:17 137 views
Mathura
पत्नी के लापता होने से परेशान पति, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
गोवर्धन। गोवर्धन क्षेत्र से एक महिला के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने स्थानीय पुलिस पर रिपोर्ट दर्ज न करने और मामले में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगला देचिता (गांब बछगांव) निवासी देवेन्द्र की पत्नी डौली 14 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे खेत पर काम करने गई थी, लेकिन उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। खेत पर मौजूद अन्य लोगों ने बताया कि डौली किसी अज्ञात व्यक्ति के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर जाती हुई देखी गई थी। पति देवेन्द्र ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद 16 मार्च 2026 को थाना मगोर्रा में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन आरोप है कि आज तक न तो रिपोर्ट दर्ज की गई और न ही पुलिस द्वारा महिला की तलाश के लिए कोई ठोस कार्रवाई की गई। इस मामले को लेकर पीड़ित ने क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार से गुहार लगाई है कि उसकी पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराकर जल्द से जल्द कानूनी कार्रवाई की जाए और महिला को खोजने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। घटना से परिवार में चिंता और तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं क्षेत्र में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस क्षेत्राधिकारी गोवर्धन, अनिल कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। प्रार्थना पत्र के आधार पर जांच कराई जा रही है और संबंधित थाना को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Follow Samachar24