Loading...

11.47 करोड़ की जमीन डील में धोखाधड़ी के आरोप में थाना गोवर्धन में दर्ज हुई एफआईआर

Gargachary Times 21 April 2026, 20:17 108 views
Mathura
गोवर्धन। वृंदावन स्थित परियोजना से जुड़े मामले में एचओएबीएल इम्पैक्टम लैंड प्राइवेट लिमिटेड (द हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा) के जिग्नेश गोसालिया ने ड़ीआईजी आगरा को प्रार्थना पत्र देकर मथुरा निवासी कृष्ण मुरारी अग्रवाल, प्रदीप कुमार गुप्ता और दीपक सिंघल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने ग्राम जुल्हैंदी स्थित गाटा संख्या 70 मिन की करीब 1.2956 हेक्टेयर भूमि बेचने का भरोसा दिलाया। कंपनी ने 25 मार्च 2025 को उप-पंजीयक कार्यालय मथुरा में पंजीकृत बैनामे के जरिए करीब 11.47 करोड़ रुपये का भुगतान कर जमीन खरीद ली। आरोप है कि पूरी जमीन का भुगतान करने के बावजूद कंपनी को अब तक केवल 0.6643 हेक्टेयर भूमि का ही कब्जा मिला है, जबकि शेष 0.6322 हेक्टेयर भूमि का कब्जा नहीं दिया गया। तीनों लोगों पर आरोप है कि वे आपसी साजिश के तहत शेष जमीन का कब्जा रोककर कंपनी से और धन उगाही करने तथा ब्लैकमेल करने की कोशिश कर रहे हैं। कंपनी का यह भी आरोप है कि आरोपी स्थानीय होने का फायदा उठाकर कर्मचारियों को लगातार धमका रहे हैं, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल है। सुरक्षा को देखते हुए कंपनी के प्रतिनिधि को निजी सुरक्षाकर्मी तक रखने पड़े हैं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने सर्किल रेट पर खरीदी गई जमीन को अधिक कीमत पर बेचकर धोखाधड़ी की और बैनामे की शर्तों का उल्लंघन किया। मामले में कंपनी ने धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात, ब्लैकमेल और जबरन वसूली जैसी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। सीओ अनिल कुमार सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
Follow Samachar24