Loading...

जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त- नवागत जिलाधिकारी

Gargachary Times 21 April 2026, 20:39 125 views
Mainpuri
जन-शिकायतों के समयबद्ध, गुणवत्तापरक निस्तारण में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त- नवागत जिलाधिकारी
मैनपुरी: जिलाधिकारी औरैया पद से स्थानांतरित नवागंतुक जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आज कोषागार के डबल लॉक का चार्ज ग्रहण कर विधिवत रूप से कार्यभार ग्रहण किया, वर्ष 2014 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं, इससे पूर्व लखनऊ विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष, नगर आयुक्त एवं नगर विकास विभाग में विशेष सचिव के पद पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्होने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना होगा, जनपद में ऐसी व्यवस्था विकसित की जाएगी, जिससे लोगों को न्याय, सेवाएं उनके द्वार तक उपलब्ध हो सकें, सभी प्रकार की जन-समस्याओं के समाधान के लिए समन्वित और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाई जाएगी, जिला प्रशासन का प्रयास रहेगा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे बल्कि वास्तविक और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित होगा। उन्होने कहा कि जनपद में संचालित निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय से पूरा कराना, शासन की संचालित लाभार्थीपरक, जन-कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाना उनकी वरीयता होगी, जनपद को विकास कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, जन-समस्याओं के निदान में प्रदेश में शीर्ष पर बनाए रखने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। नवागत जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व से संबंधित लंबित प्रकरणों के निस्तारण के लिए पूर्व में चलाए गए “मिशन समाधान” जैसे अभियानों को और अधिक सशक्त किया जाएगा ताकि आम नागरिकों को त्वरित राहत मिल सके इसके साथ ही शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी नवाचारों को बढ़ावा देकर सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य केवल योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं बल्कि उनकी प्रभावशीलता सुनिश्चित करना है, इसके लिए पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक के उपयोग को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि “डोर स्टेप डिलीवरी” की अवधारणा को सशक्त करते हुए यह सुनिश्चित किया जाएगा कि नागरिकों को अधिक से अधिक सेवाएं उनके निकट ही उपलब्ध हो सकें। जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्र, प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप “नागरिक देवो भव” की भावना को प्रशासनिक कार्यशैली का आधार बनाया जाएगा, प्रशासन को आमजन के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी और सहयोगी होना चाहिए ताकि लोगों को यह महसूस हो कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उनके हितों के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वह अपनी समस्याओं, शिकायतों को बिना किसी संकोच के प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिलाधिकारी कार्यालय के द्वार आमजन के लिए सदैव खुले रहेंगे और प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं समुचित समाधान किया जाएगा। उन्होंने अपने तत्कालीन जिलाधिकारी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य किए हैं और उनकी पहल को आगे बढ़ाया जाएगा, प्रशासनिक निरंतरता बनाए रखते हुए पूर्व में किए गए नवाचारों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि जनहित में उनके सकारात्मक परिणाम जारी रह सकें नवागत जिलाधिकारी अपनी सादगी और जमीनी कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध हैं, जन-शिकायतों के निराकरण के लिए फरियादियों के साथ जमीन पर बैठकर संवाद करने के लिए जाने जाते हैं, सार्वजनिक भूमि से अनाधिकृत कब्जे हटवाने में सक्रिय भूमिका का निर्वहन किया है। इस दौरान तत्कालीन जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, अपर जिलाधिकारी श्याम लता आनन्द, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राजेश चन्द्र, अपर पुलिस अधीक्षक अरूण कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी मनोज यादव आदि उपस्थित रहे।
Follow Samachar24