Loading...

फतिया रेलवे ओवरब्रिज बना हादसों का अड्डा: चेतावनी बोर्ड तोड़े, पोल उखाड़े, 'हम नहीं सुधरेंगे' की जिद पर अड़े ग्रामीण

Gargachary Times 22 April 2026, 20:22 128 views
Mathura
फतिया रेलवे ओवरब्रिज बना हादसों का अड्डा: चेतावनी बोर्ड तोड़े, पोल उखाड़े, 'हम नहीं सुधरेंगे' की जिद पर अड़े ग्रामीण
फरह। फरह फतिहा रेलवे ओवरब्रिज पर हाइवे प्रशासन के सभी इंतजाम फेल साबित हो रहे हैं। बार-बार हो रहे हादसों के बाद लगाए गए चेतावनी बोर्ड, साइन बोर्ड और संकेतक पोल को ग्रामीण उखाड़कर फेंक रहे हैं। नतीजा, ओवरब्रिज पर मौत का खतरा हर पल मंडरा रहा है। तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड वाहनों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ओवरब्रिज पर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। बाइक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य वाहन चालक गलत दिशा से निकलते हैं। इससे न सिर्फ जाम लगता है बल्कि आमने-सामने की टक्कर का खतरा भी बना रहता है। कई बार छोटे हादसे हो चुके हैं, लेकिन ग्रामीण सुधरने को तैयार नहीं। लोग खुलेआम कहते हैं- 'हम नहीं सुधरेंगे'। हाइवे प्रशासन ने सुरक्षा के लिए ब्रिज पर जगह-जगह संकेतक पोल लगवाए थे ताकि वाहन सही दिशा में चलें। लेकिन ग्रामीणों ने उन पोल को उखाड़ दिया। चेतावनी बोर्ड भी तोड़ दिए गए। अब हालात जस के तस हैं। ओवरब्रिज पर न कोई रोकने वाला है, न टोकने वाला। ग्रामीण आज भी धड़ल्ले से उल्टी दिशा में वाहन दौड़ा रहे हैं। टोल प्रबंधक जयपाल सिंह ने बताया कि हाइवे की तरफ से कई बार निशान और साइन बोर्ड लगाए गए, लेकिन ग्रामीण हर बार तोड़ देते हैं। अब सुरक्षा के लिए ब्रिज पर बड़ी गर्डर लगाई जाएगी ताकि रॉन्ग साइड वाहन न निकल सकें। वहीं महुअन टोल चौकी इंचार्ज अभिलाख सिंह ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ओवरब्रिज पर उल्टी दिशा से जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे वाहन चालकों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सवाल यह है कि जब तक प्रशासन सख्ती नहीं करेगा और ग्रामीण अपनी जिद नहीं छोड़ेंगे, तब तक फतिया रेलवे ओवरब्रिज पर हादसों का सिलसिला थमेगा नहीं।
Follow Samachar24