विश्व पृथ्वी दिवस पर बच्चों ने चित्रों के माध्यम से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, हुआ वृक्षारोपण
Gargachary Times
22 April 2026, 20:37
88 views
Firozabad
फिरोजाबाद। विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर कोमल फाउंडेशन द्वारा एवं सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के सहयोग से उच्च प्राथमिक विद्यालय, कटरा पठानान में चित्रकला प्रतियोगिता एवं जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने चित्रों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और हरित भविष्य का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण का संदेश व्यवहारिक रूप से भी दिया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पृथ्वी को सुरक्षित और स्वच्छ बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाते हैं। इस दौरान उन्होंने चित्रकला प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को मोमेंटो एवं प्रमाण पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता में अंश शर्मा ने प्रथम, मोहम्मद राजा ने द्वितीय एवं शिवा शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं तमन्ना, हुमेरा, आमना, सुल्तान और निशा को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कोमल फाउंडेशन के अध्यक्ष अश्वनी कुमार राजौरिया ने कहा कि पृथ्वी केवल हमारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों की भी धरोहर है। आज जिस तरह पर्यावरणीय चुनौतियां बढ़ रही हैं, ऐसे में बच्चों को जागरूक करना सबसे प्रभावी और स्थायी समाधान है। जब बच्चे प्रकृति के महत्व को समझते हैं, तो पूरा समाज स्वतः जागरूक हो जाता है। कोमल फाउंडेशन का उद्देश्य सिर्फ कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन लाना है। वृक्षारोपण, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को हम सभी को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा, तभी एक सुरक्षित और हरित भविष्य संभव हो सकेगा।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका श्रीमती कल्पना राजौरिया ने कहा कि विद्यालय स्तर पर इस तरह की गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
सहायता संपर्क संस्था, गाजियाबाद के संस्थापक/अध्यक्ष तुषार कंसल ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा होना चाहिए। बच्चों में जागरूकता पैदा कर हम एक स्वच्छ और हरित भविष्य की नींव रख सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान डाबर इंडिया लिमिटेड के सहयोग से न्यूट्रिशन सपोर्ट प्रोग्राम के अंतर्गत सभी छात्र-छात्राओं को गुलाबरी नहाने का साबुन एवं डाबर रेड टूथपेस्ट का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक मोहित शर्मा, अमित कुमार, कोमल फाउंडेशन के राहुल यादव एवं अन्य गणमान्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
आयोजन के माध्यम से सभी को पृथ्वी के संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया।