मूकबधिर प्रिया चौधरी ने हाईस्कूल में 68% लाकर किया नाम रोशन, माता-पिता के चेहरे खिले
Gargachary Times
23 April 2026, 20:39
280 views
Mathura
फरह। (मथुरा) हौसले बुलंद हों तो कोई भी कमी राह नहीं रोक सकती। यह साबित कर दिखाया है मूकबधिर छात्रा प्रिया चौधरी ने। प्रिया न तो बोल पाती है और न ही सुन पाती है, फिर भी उसने हाईस्कूल परीक्षा में 68 प्रतिशत अंक लाकर खुद को साबित किया है। बेटी की इस उपलब्धि से माता-पिता के चेहरे खुशी से खिल उठे।
प्रिया के परिजनों ने बताया कि बेटी जन्म से ही बोल और सुन नहीं सकती। इसके बावजूद पढ़ाई को लेकर उसका जज्बा कभी कम नहीं हुआ। विशेष शिक्षकों की मदद और इशारों की भाषा से प्रिया ने पढ़ाई की। घर पर भी वह घंटों किताबों में लगी रहती थी। माता-पिता ने कहा कि समाज में दिव्यांग बच्चों को लेकर कई भ्रांतियां हैं, लेकिन प्रिया ने साबित कर दिया कि अगर मौका मिले तो वे भी किसी से कम नहीं।
प्रिया की इस कामयाबी पर स्कूल के शिक्षकों और गांव के लोगों ने उसे बधाई दी। प्रिया आगे भी पढ़ाई जारी रखकर आत्मनिर्भर बनना चाहती है। उसकी सफलता दिव्यांग बच्चों और उनके परिवारों के लिए बड़ी प्रेरणा है।