Loading...

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ भूमि संरक्षण कार्यो का किया औचक निरीक्षण, जल संचयन और वृक्षारोपण को दिया विशेष बल

Gargachary Times 24 April 2026, 20:52 120 views
Firozabad
जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी के साथ भूमि संरक्षण कार्यो का किया औचक निरीक्षण, जल संचयन और वृक्षारोपण को दिया विशेष बल
जिलाधिकारी रमेश रंजन द्वारा मुख्य विकास अधिकारी शत्रोहन वैश्य के साथ विकासखंड टूंडला के अंतर्गत ग्राम पंचायत धीरपुरा में संचालित "कप्तान सिंह की ठार" परियोजना क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया, यह परियोजना भूमि संरक्षण अधिकारी इकाई (चतुर्थ) के अधीन क्रियान्वित की जा रही है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि कुल 77.00 हेक्टेयर के नियोजित क्षेत्रफल के सापेक्ष अब तक 34.80 हेक्टेयर क्षेत्र में कच्चे कार्य सफलतापूर्वक कराए जा चुके हैं, संपादित कार्यों का विवरण निम्नवत है। समोच्चरेखीय बांध 10.15 हेक्टेयर,पेरीफेरल बांध 7.20 हेक्टर, समतलीयकरण 6.25 हेक्टेयर और अवरोध बांध 11.20 हेक्टेयर का कार्य संपादित किया जा चुका है। जिलाधिकारी ने भूमि संरक्षण अधिकारी को कड़े निर्देश दिए हैं कि परियोजना क्षेत्र में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया जाए, उन्होंने कहा कि कृषकों को उनकी आवश्यकता अनुसार फलदार पौधे जैसे कटहल, नींबू जामुन और बेल के रोपण के लिए प्रोत्साहित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कृषक कप्तान सिंह से भी वार्ता की, जिन्होंने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पूर्व में जल संरक्षण न होने और अत्यधिक मृदा अपर्दन (कटाव) के कारण फसलों की पैदावार बहुत कम होती थी, भूमि संरक्षण विभाग द्वारा कराए गए मेडबंदी कार्य के बाद अब खेत का पानी खेत में ही सुरक्षित रहता है। इसके परिणाम स्वरुप सरसों, गेहूं और आलू की फसलों के उत्पादन में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यहां वन क्षेत्र विकसित किया जाए, साथ ही 10 से 15 हजार पौधे लगाए जाएं, जिलाधिकारी ने अंत में कहा कि भूमि संरक्षण और जल संचयन से ही कृषि उत्पादकता को स्थाई मजबूती प्रदान की जा सकती है। इस अवसर पर उप निदेशक कृषि सत्येंद्र प्रताप सिंह, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला प्रभागीय वन अधिकारी भागेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी अंकित वर्मा, खंड विकास अधिकारी, पर्यटन अधिकारी आदि अधिकारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24