गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं जिला कलेक्टर ने विकास रथों को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
Gargachary Times
28 April 2026, 18:36
139 views
Deeg
डीग: राज्य सरकार द्वारा कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण अंचलों के विकास हेतु चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक सुगमता से पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को डीग जिले में ग्राम रथ अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित समारोह में गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी तथा मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म एवं जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने एल.ई.डी. मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर ग्रामीण क्षेत्रों के लिए रवाना किया।
विकसित गांव से ही बनेगा विकसित राजस्थान: गृह राज्य मंत्री
इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह और मीडिया को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के विजन और विकसित राजस्थान के संकल्प को पूरा करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विकसित राजस्थान का सपना तभी साकार होगा जब हमारे गांव और वार्ड पूरी तरह से विकसित होंगे। इस अभियान के माध्यम से 13 विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ आमजन को उनके घर-आंगन में मिलेगा, जिससे कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित नहीं रहेगा। गृह राज्य मंत्री ने मई माह में प्रस्तावित ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट का उल्लेख करते हुए बताया कि राज्य सरकार किसानों को तकनीकी रूप से समृद्ध और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
प्रतिदिन 4 से 5 पंचायतों में पहुँचेंगे रथ, सजेगी संध्या चौपाल
जिला कलेक्टर मयंक मनीष ने अभियान की विस्तृत प्रशासनिक रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि आज तीन रथों को रवाना किया गया है, जो जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों (डीग-कुम्हेर, कामां एवं नगर) में नियमित भ्रमण करेंगे। प्रत्येक रथ प्रतिदिन 4 से 5 ग्राम पंचायतों को कवर करेगा और इस प्रकार आगामी 15 दिनों में जिले की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों में राज्य सरकार की योजनाओं का सघन प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाएगा। जिला कलेक्टर ने बताया कि कृषि, सहकारिता, पशुपालन सहित कुल 13 विभागों को इस अभियान से जोड़ा गया है। रथों पर लगी एलईडी स्क्रीन और प्रचार प्रसार सामग्री के माध्यम से योजनाओं की सजीव जानकारी ग्रामीणों को दी जाएगी।
कला जत्थे करेंगे जागरूक, मौके पर होगा समस्याओं का निस्तारण
अभियान को ग्रामीण संस्कृति से जोड़ने के लिए एक विशेष पहल की है। जिला कलेक्टर ने बताया कि प्रत्येक दिन के आखिरी ग्राम पंचायत पर संध्या चौपाल आयोजित की जाएगी, जिसमें कला जत्थों द्वारा पारंपरिक तरीके से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर जन-जागरूकता फैलाई जाएगी। इस संपूर्ण अभियान की सुव्यवस्थित और प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा ब्लॉक स्तर पर सभी उपखंड अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। ग्राम रथ के ठहराव के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर राजस्थान सम्पर्क पोर्टल पर लंबित परिवेदनाओं का मौके पर ही निस्तारण एवं सत्यापन किया जाएगा। साथ ही, वर्तमान भीषण गर्मी को देखते हुए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पेयजल व्यवस्था की भी जांच की जाएगी।
आगामी 15 दिवस के लिए तीनों विधानसभा हेतु कार्यक्रम जारी
28 अप्रैल को बृजनगर विधानसभा में गंगावक, रसिया, दुनावल, पाटका और मूंडिया, कामां विधानसभा में नौगांवा, बामनी, गावंडी, नौनेरा और सहेडा, डीग-कुम्हेर विधानसभा में जिला कलक्टर कार्यालय डीग, बद्रीपुर, इकलहरा, 29 अप्रैल को बृजनगर विधानसभा में सुन्दरावली, तरोंडर, पथरोड़ा, मुडेरा और थून, कामां विधानसभा में ऐचवाडा, सतवास, नन्देरा, सोनोखर और उदाका, डीग-कुम्हेर विधानसभा में बहज, बरौलीचौथ, 30 अप्रैल को बृजनगर विधानसभा में फतेहपुरकला, मूंडौती, भटपुरा, सादपुरी, गहनकर, कामां विधानसभा में लेवडा, धिलावटी, अकाता, सुनहरा, कनवाडा, डीग-कुम्हेर विधानसभा में सांवई, खेडा ब्राम्हण, कौरेंर, कासौट, 01 मई को बृजनगर विधानसभा में सैमली, जालूकी, मानौताकलां, मोराका, सैमलाकलां, कामां विधानसभा में छिछरवाडी, सबलाना, पल्ला, करमूका, डीग-कुम्हेर विधानसभा में अऊ, बदनगढ़, माढेरा-धरवारी, कुचावटी, 02 मई को बृजनगर विधानसभा में खखावली, बरखेडा फौजदार, पैण्डका, आरसी, चिरावलमाली, कामां विधानसभा में विलौंद, बरौलीधाऊ, गढीझीलपट्टी, ओलन्दा, धर्मशाला, डीग-कुम्हेर विधानसभा में सोनगांव, सिनसिनी, 03 मई को बृजनगर विधानसभा में सिरथला, भावली, खेस्ती, दौराला, बेरू, कामां विधानसभा में विलग, गढाजान, मूसेपुर, भण्डारा, लुहेसर, डीग-कुम्हेर विधानसभा में सहारई, श्यौरावली, 04 मई को बृजनगर विधानसभा में आलमशाह, पालका, गुलपाडा, रायपुर सुकेती, पडलवास, उडकीदल्ला, कामां विधानसभा में बौलखेडा, जुरहरी, जुरहरा, पाई, खेडलीगुमानी, डीग-कुम्हेर विधानसभा में खोहरी, गिरसै, 05 मई को बृजनगर विधानसभा में उड़कीमौहम्मदा, ककराला, नांगल, डाबक, इमलारी, पुनाय, कामां विधानसभा में मातूकी, राफ, सतवाडी, खंडलीमन्ना, डीग-कुम्हेर विधानसभा में सैंत, तमरेर, पला, सितारा, रीठौटी, 06 मई को बृजनगर विधानसभा में जयश्री, बेला, झांतली, सिहावली, तेस्की, बासडायना, कामां विधानसभा में मालीकी, कैथवाडा, पीपलखेडा, पथराली, गोपालगढ, डीग-कुम्हेर विधानसभा में सिकरोरी, पिचूमर, उसरानी, थैरावर, साबौरा, 07 मई बृजनगर विधानसभा में बासबुर्जा, फूटाकी, जलालपुर, बूडली, झंझार, कामां विधानसभा में खेडलानौबाद, लाडमका, जोतरूहल्ला, जोतरीपीपल, डीग-कुम्हेर विधानसभा में महरावर, बिरहरू, गुदावली, बॉसरौली-हीगोंली, अस्तावन, 08 मई को बृजनगर विधानसभा में दिदावली, परमदरा, सेऊ, धमारी, नरैना चौथ, पास्ता, कामां विधानसभा में छपरा, गंगोरा, लिवासना, पापडा, खण्डेवला, डीग-कुम्हेर विधानसभा में धनवाडा, पाहुआ, आजउ, भटावली, पपरेरा, 09 मई को बृजनगर विधानसभा में गुहाना, चुल्हैरा, पसोपा, भयाडी-करमूका, नगला खोह, खोह, कामां विधानसभा में बडौलीडहर, भैसेडा, सावलेर, मूगसका, डीग-कुम्हेर विधानसभा में हेलक, रूंधहेलक, बाबैन, बौरई, बैलाराकला, 10 मई को बृजनगर विधानसभा में बरई, बन्धाचौथ, निगोही, अढावली, जटेरी, टोडा, कामां विधानसभा में सोमका, सहसन, वमनवाडी, लाडलाका, डीग-कुम्हेर विधानसभा में डहरा, अवार, सूरौता, लखन, दांदू, 11 मई को बृजनगर विधानसभा में गढीमेवात, ककडा, बेढ़म, पान्हौरी, शीशवाडा, मौरोली, कामां विधानसभा में जीराहेडा, घोसिंगा, घाटमीका, धौलेट, घीसेडा, डीग-कुम्हेर विधानसभा में कुम्हां, अभौरी, तालफरा, गुनसारा, अजान, 12 मई को बृजनगर विधानसभा में जनूथर, दांतलौठी, जाटौलीथून, मवई, कामां विधानसभा में भौरी, कठौल, धीमरी और डीग-कुम्हेर विधानसभा में सोगर, उवार, रारह, सॉतरूक, ताखा गांव में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।