मथुरा में स्वीटी सुपारी फैक्ट्री के बाहर श्रमिकों का धरना, वेतन विसंगति को लेकर बढ़ा आक्रोश
Gargachary Times
28 April 2026, 19:59
116 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
मथुरा के गोविन्द नगर थाना क्षेत्र स्थित स्वीटी सुपारी फैक्ट्री के बाहर मंगलवार को श्रमिकों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार धरना प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पुरुष और महिला श्रमिक फैक्ट्री परिसर के बाहर फर्श बिछाकर बैठ गए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने फैक्ट्री मालिक पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुराने श्रमिकों के वेतन और बोनस में गड़बड़ी की जा रही है, जबकि नए श्रमिकों को लगभग 13 हजार रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है। इसके विपरीत, वर्षों से कार्यरत पुराने श्रमिकों के वेतन में कोई वृद्धि नहीं की गई है, जिससे उनमें भारी असंतोष व्याप्त है।
श्रमिकों ने मांग की कि पुराने कर्मचारियों के लिए भी नए वेतनमान को लागू किया जाए और वेतन व बोनस की विसंगतियों को तत्काल दूर किया जाए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से वे अपनी समस्याओं को प्रबंधन के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
धरना प्रदर्शन में महिला श्रमिकों की संख्या अधिक रही, जिन्होंने भी अपनी समस्याओं को खुलकर सामने रखा। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
धरने के चलते फैक्ट्री के बाहर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।