Loading...

फरह में नए बीडीओ का एक्शन मोड: विकास कार्यों में आएगी तेजी, बेसहारा गोवंश को मिलेगा पूरा सहारा

Gargachary Times 30 April 2026, 19:07 25 views
Mathura
फरह में नए बीडीओ का एक्शन मोड: विकास कार्यों में आएगी तेजी, बेसहारा गोवंश को मिलेगा पूरा सहारा
फरह। फरह ब्लॉक में गुरुवार को नवागत खंड विकास अधिकारी प्रवीन कुमार झा ने कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं का खाका खींचा और साफ कर दिया कि विकास कार्य और बेसहारा गोवंश का संरक्षण उनकी टॉप प्रायोरिटी रहेगा। दोपहर में ब्लॉक कार्यालय पहुंचकर बीडीओ प्रवीन कुमार झा ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप विकास योजनाओं को धरातल पर उतारना उनका मुख्य लक्ष्य है। हर पात्र और गरीब व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पीएम आवास और लखपति दीदी पर फोकस बीडीओ ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवास योजना के मकानों को प्राथमिकता पर पूरा कराया जाएगा। लाभार्थियों से संपर्क कर निर्माण में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर किया जाएगा। इसके अलावा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'लखपति दीदी' योजना के लक्ष्य को भी समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर महिलाओं की आय बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। *बेसहारा गोवंश के लिए बनेगी विशेष रणनीति* बेसहारा गोवंश को लेकर नवागत बीडीओ ने सख्त तेवर दिखाए। उन्होंने कहा कि गौशालाओं में गोवंश के भरण-पोषण की पूरी व्यवस्था की जाएगी। हरे चारे की बोआई का काम युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा ताकि गर्मी में चारे की कमी न हो। उनका लक्ष्य है कि ब्लॉक क्षेत्र में एक भी बेसहारा गोवंश सड़क पर न दिखे। इसके लिए ग्राम पंचायतों के साथ मिलकर अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता में शामिल सभी कार्यों को भी समय से पूरा कराने पर विशेष जोर रहेगा। कार्यभार संभालने के बाद बीडीओ ने समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर हो। विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा। "मैं काम में विश्वास रखता हूं, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी पूरी निष्ठा से सहयोग करें", उन्होंने कहा। इस दौरान सहायक विकास अधिकारी पंचायत थान सिंह, वरिष्ठ लिपिक अब्दुल हमीद, अमित, सहित ब्लॉक के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
Follow Samachar24