नई वंदन कार्यक्रम पर बोले राजेंद्र चौधरी जिसने यह प्रस्ताव बनाया उसे संविधान का ज्ञान नही
Gargachary Times
30 April 2026, 19:23
17 views
Mathura
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधान परिषद में बोलते हुए समाजवादी पार्टी के विधान परिषद सदस्य राजेन्द्र चौधरी ने अपनी असहमति जताते हुए कहा कि इस प्रस्ताव को जिसने बनाया है उसे संविधान का ज्ञान नहीं है।
चौधरी ने कहा कि प्रस्ताव में लिखा है कि इसे नारी वंदन बिल 2023 को एनडीए सरकार ने पारित कराया है जबकि सच्चाई यह है कि इसे संसद ने पारित किया है। इसमें सभी दलों की सर्वसहमति थी। महिला आरक्षण बिल 2023 को विपक्ष के सभी दलों ने मिलकर पारित कराया था। समाजवादी पार्टी की डॉ. राममनोहर लोहिया से लेकर अखिलेश यादव तक की नर-नारी समानता की नीति है। समाजवादी पार्टी महिलाओं का सबसे ज्यादा सम्मान करती है। महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए काम किया लेकिन भाजपा दुष्प्रचार करती है। भाजपा का चरित्र उजागर हो चुका है। समाजवादी आन्दोलन में द्रोपदी को आदर्श नारी माना जाता है। द्रोपदी अपने अन्याय के खिलाफ उठ खड़ी हुई। भाजपा सदस्यों की टोका-टोकी पर राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि इन्हें कोई जानकारी नहीं है। ये संविधान को नहीं पढ़ते हैं। संविधान लागू हुआ था तब बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने कहा था कि संविधान चाहे जितना अच्छा हो लेकिन संविधान लागू करने वाले बुरे होंगे तो संविधान बुरा साबित होगा। अगर संविधान लागू करने वाले अच्छे होंगे तो संविधान अच्छा और हितकारी होगा। उन्होंने कहा कि 2023 के महिला आरक्षण बिल पास हो चुका है। यह सभी लोग जानते है। लेकिन भाजपा के लोग तानाशाह हिटलर के प्रचारमंत्री गोयबल्स की भूमिका में है। गोयबल्स एक झूठ को बार-बार कहता था उसकी जिम्मेदारी ही झूठ बोलने की थी। भाजपा के लोग उसी तरह से जनता को भ्रमित करने के लिए आज लोकतंत्र में भी झूठ बोल रहे है। जो नारी वंदन संशोधन बिल आया था वह आरक्षण का बिल नहीं परिसीमन बिल था। यह संविधान में संशोधन के लिए परिसीमन बिल था। समाजवादी पार्टी ने इसका विरोध करके संविधान बचाने का काम किया। महिला आरक्षण बिल 2023 में ही पास हो गया लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा महिलाओं को आरक्षण देकर समानता की ताकत नहीं देना चाहती है। समाजवादी पार्टी की राय शुरू से आरक्षण के पक्ष में रही है। भाजपा चालाकी कर रही है। भाजपा समाजवादी पार्टी को लेकर भ्रम फैला रही है। समाजवादी पार्टी नारी वंदन अधिनियम के पक्ष में रही है। अपना वोट दिया था। आज यहां सदन में जो प्रस्ताव आया है, वह त्रुटिपूर्ण है। भाजपा सरकार में लगातार महिलाओं के साथ अपराध हो रहा है। हर दिन बलात्कार की घटनाएं हो रही है। महिलाओं के साथ अत्याचार हो रहा है।
अखिलेश यादव हरदोई में एक पीड़ित परिवार से मिलने गये है। भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। इस सरकार ने एंटी रोमियों स्क्वैड बनाने का दावा किया लेकिन हर रोज छेड़खानी हो रही है, बलात्कार हो रहे है, बच्चो का अपहरण हो रहा है। भाजपा राजनीतिक लाभ लेने के लिए लोगों को भ्रमित कर राजनीतिक अपराध कर रही है। समाजवादी पार्टी ने हमेशा कहा है कि हम महिला आरक्षण चाहते है। हम कभी महिला आरक्षण के विरोध में नही रहे है। हम चाहते है कि पिछड़े और मुस्लिम समाज की महिलाओं को आरक्षण मिले।
भाजपा सदस्यों के हंगामे पर श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान-कानून नहीं जानते है। भाजपा आधे-अधूरे मन से आरक्षण का कानून लायी थी। वह महिलाओं को आरक्षण नहीं देना चाहती है।
चौधरी ने विधान परिषद में नेता सदन के आज के रखे प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि यह संविधान सम्मत नहीं है। यह कुछ भी लेकर खड़े हो जाते है। बोलने लगते है। भाजपा के सब लोग आरएसएस से लिखवाकर लाते है और पढ़ने लगते है।
चौधरी ने कहा कि मै आरएसएस वालों को जानता हूं। मैं इमरजेंसी में मेरठ जेल में रहा हूं। आरएसएस वालों का चरित्र जानता हूं। भाजपा सदस्यों की टोकाटाकी करने पर सभापति ने कहा कि टोकाटोंकी अच्छी बात नही है। भाजपा सदस्यों की टोकाटो की पर सभापति ने कहा कि जब आप लोगों को खुद ही निर्णय लेना है तो करिए।
राजेन्द्र चौधरी ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि शौचालय की बात पर भाजपा भ्रम फैलाती है। भाजपा केवल सरकारी आंकड़े बताती है। शौचालयों की दुर्दशा है। भाजपा के लोग समाजवादी पार्टी पर विकास को लेकर इधर-उधर की बाते करते है। सच्चाई यह है कि अखिलेश यादव ने ही यूपी में विकास का विजन दिया है। यह सरकार जो रोज नाम बदल रही है वह सब श्री अखिलेश यादव का किया गया विकास कार्य है। जो नाम बदल रहे है वह समाजवादी सरकार की देन है। उत्तर प्रदेश में श्री अखिलेश यादव ने एक्सप्रेस-वे बनाने की शुरुआत की थी। लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे अखिलेश यादव ने बनाया। समाजवादी सरकार में यूपी में विकास की अवधारणा तय हुई है। भाजपा सदस्यों की टोकाटोकी पर सभापति ने सत्ता पक्ष की ओर इंगित करते हुए कहा कि आप लोग कहने से नहीं मानोगे, क्योंकि आप सत्ता पक्ष के हो, यह गलत बात है। राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि सत्ता पक्ष की संख्या ज्यादा है। ये बार-बार टोकते है, बोलते है। 2027 में जब भाजपा के लोग विपक्ष में आ जाएंगे तो चूं नहीं करेंगे। ये होने वाला है। सभापति ने भाजपा सदस्यों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि इनको यह बात नहीं समझ में आती। उन्होंने राजेन्द्र चौधरी से कहा कि आपको अपनी बात कहनी है। कहनी भी चाहिए। ये आपको नहीं रोक पायेंगे। उन्हें भाजपा सदस्यों को शांत रहने को कहा।
राजेन्द्र चौधरी ने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में रोज असत्य वाचन होता है। भ्रम फैलाया जा रहा हैं इस तरह से भ्रम फैलाना राजनीतिक-सामाजिक अपराध है।