जिलाधिकारी विशाख जी0 की अध्यक्षता में जनगणना–2027 के अंतर्गत स्व-गणना को प्रोत्साहित करने हेतु बैठक संपन्न
Gargachary Times
6 May 2026, 19:50
95 views
Lucknow
लखनऊ: जनगणना–2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) को प्रभावी रूप से संचालित एवं जनसामान्य तक व्यापक रूप से प्रचारित किए जाने के उद्देश्य से आज डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार, कलेक्ट्रेट लखनऊ में जिलाधिकारी श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी, उप निदेशक जनगणना निदेशालय, जिला विकास अधिकारी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस विभाग, केंद्रीय सुरक्षा बल सहित समस्त विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों, नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारियों, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों तथा अन्य संबंधित अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना–2027 देश की एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत स्व-गणना को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें डिजिटल माध्यम से स्वयं जनगणना प्रक्रिया में सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रेरित करें। उन्होंने यह भी कहा कि स्व-गणना के सफल क्रियान्वयन हेतु विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि उनके विभाग से जुड़े कर्मचारी, उनके परिवारजन तथा संपर्क में आने वाले नागरिक स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें। इसके साथ ही जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, शिक्षण संस्थानों एवं मीडिया के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि दिनांक 07 मई 2026 को प्रातः 6 बजे से स्व-गणना का कार्य प्रारंभ किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत नागरिकों को स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जनगणना विवरणी भरने का अवसर प्रदान किया जाएगा। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि स्व-गणना के संबंध में अधिकारियों/कार्मिकों/आमजनमानस को जागरूक करने के लिए आईसी सामग्री आज शाम तक सभी विभागों को उपलब्ध करा दी जाएगी।
उक्त के पश्चात उप निदेशक जनगणना निदेशालय द्वारा स्व गणना करने की पूरी प्रक्रिया का प्रशिक्षण पोर्टल पर दिया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने कार्यालयों में नोडल अधिकारी नामित करें तथा स्व-गणना की प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में स्व-गणना की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु जागरूकता अभियान, शिविरों एवं विशेष अभियान चलाए जाएं, जिससे प्रत्येक व्यक्ति को स्व गणना के संबंध में जानकारी हो सके। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में स्व गणना हेल्प डेस्क की स्थापना कराई जाए और कार्यालय में आने वाले लोगो को भी स्व गणना करने के लिए जागरूक किया जाए। उन्होंने कहा कि समाज के गणमान्य व्यक्तियों, जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। इनके माध्यम से आमजन को प्रेरित कर स्वगणना में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि पीएसयू, आईएमए, आईआईए, व्यापारिक संगठनों, आरडब्ल्यूए, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा अन्य संगठनों के माध्यम से भी व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इन कार्यक्रमों में जिला स्तरीय अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित की जाए, जिससे संदेश अधिक प्रभावी रूप से जनसामान्य तक पहुंच सके। साथ ही पुलिस, सेना, केंद्रीय सुरक्षा बल, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ के कार्यालयों में भी स्व गणना हेल्प डेस्क की स्थापना सुनिश्चित कराई जाए।