Loading...

भाजपा के 10 नंबरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है: अखिलेश यादव

Gargachary Times 6 May 2026, 19:51 90 views
Lucknow
भाजपा के 10 नंबरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है: अखिलेश यादव
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा के दस नम्बरी मॉडल ने लोकतंत्र को जकड़ लिया है। भाजपा वोट की लूट करके लोकतंत्र को खत्म कर रही है। लोकतंत्र को खत्म करने के लिए एक विचारधारा विशेष के अधिकारियों, मुनाफाखोर धन्ना सेठों और ठेकेदारों का डेमोक्रेटिक क्राईम गैंग बन गया है। ये सब मिलकर काम कर रहे हैं। जनता के अधिकार छीन रहे हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता दीदी ने विधानसभा चुनाव में जिस तरह के हालात का सामना किया, उसी तरह 2022 में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ हुआ था। तमाम बूथों और विधानसभा क्षेत्रों के मतगणना केन्द्रों में केन्द्रीय बलों को लगाकर पोलिंग बूथों से एजेंटों को बाहर निकाल दिया गया। लाठी मारकर भगाया गया था और कई विधानसभा सीटें छीन ली थी। रिवाल्वर दिखाकर महिलाओं को वोट देने से रोका गया था। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मतगणना नहीं मनगणना करवाती हैं पहले से ही तय हो जाता है कि किसे जिताना है। उसी के लिए मनगणना होती है। बुधवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट तत्काल पश्चिम बंगाल मतगणना में हुई धांधलियों का संज्ञान ले और मतगणना के सीसीटीवी देश के सामने उपलब्ध कराये। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट की सुनवाई प्रक्रिया लाइव हो सकती है तो वोटों की गिनती की प्रक्रिया लाइव क्यों नहीं हो सकती है? श्री यादव ने कहा कि मतगणना सीसीटीवी के सामने लाइव होनी चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा मल्टीलेयर भ्रष्टाचार करके वोटों की लूट कर रही है। भाजपा वोट की डकैती करती है। समाजवादी पार्टी ने 2022 में भाजपा की वोटो की डकैती को पकड़ा था। 2019 में जिन लोगों ने वोट डाला था 2022 के चुनाव में उनका वोट कटवा दिया गया। समाजवादी पार्टी ने ऐसे 18 हजार वोटरों का शपथ पत्र बनवा कर चुनाव आयोग को भेजा, आयोग ने वोट काटने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। समाजवादी पार्टी को ही नोटिस भेज दिया जब पार्टी ने पूरे साक्ष्य उपलब्ध कराये तो भी आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की। छिबरामऊ, तिर्वा, शाहगंज विधानसभा क्षेत्रों में जितने वोट से समाजवादी पार्टी को हराया गया था उससे ज्यादा वोट पहले ही काट दिए गए थे। अखिलेश यादव रामपुर, कुन्दरकी, मिल्कीपुर, कटेहरी विधान सभा उपचुनावों में डाटा के साथ भाजपा की वोट चोरी को उजागर करते हुए कहा कि भाजपा के दस नम्बरी मॉडल में मल्टीलेयर इलेक्सन माफिया सक्रिय है। इसमें कुछ ट्रेंड अधिकारी, धन्ना सेठ, ठेकेदार और एक विचारधारा के अधिकारी शामिल हैं। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की बेईमानी को सामने लाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या लोकसभा चुनाव में भाजपा की हार बहुत बड़ी थी। भाजपा ने अयोध्या की जनता के साथ अन्याय, अत्याचार किया था। किसानों और व्यापारियों की जमीनों की लूट हुई थी। उन्हें सही मुआवजा नहीं दिया था। अपनी प्रजा पर हुए अत्याचार के लिए प्रभु श्रीराम ने भाजपा को सजा दिया था। भाजपा की बहुत बड़ी हार हुई। समाजवादी पार्टी चुनाव जीती। अयोध्या की हार के बाद भाजपा सरकार ने मिल्कीपुर में झूठा आरोप लगाकर एक बुजुर्ग के घर और दुकान पर बुलडोजर चलाया। बदनाम किया। बाद में बुजुर्ग निर्दोष छूट गया। भाजपा ने मिल्कीपुर में वोट लूटने की जिम्मेदारी एक आरोपी और दोषी अधिकारी को दिया। उसकी जांच वर्तमान डीजीपी ने की थी। जांच में दोषी पाया गया था। उस जांच का क्या हुआ? अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के अनरजिस्टर्ड संगी साथी, जो पहले खुफियागीरी करते थे, वे आज भी बूथों पर अन्य जगहों की खुफियागीरी करते है। इनके तार विदेश तक से जुड़े हुए हैं। इसीलिए आज कल विदेशी भ्रमण कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ लोगों की मजबूरी का फायदा उठाकर काम करवाती है। भाजपा के खिलाफ पीडीए एकजुट है। पीडीए उत्तर प्रदेश के साथ पूरे देश में है। वह जागरूक हो रहा है। 95 फीसदी पीडीए भाजपा का हर स्तर पर मुकाबला करेगा। कहीं ऐसा न हो कि 95 फीसदी लोग 5 फीसदी लोगों का भंडाफोड़ कर दे। उन्होंने कहा कि 2024 में समाजवादी पार्टी इंडिया गठबंधन ने भाजपा को हराया है। 2027 के चुनाव में पीडीए एकजुट होकर भाजपा के साजिश और षडयंत्रों को परास्त करके उसे हमेशा के लिए सत्ता से हटा देगा। समाजवादी पार्टी, संगठन और पीडीए के साथ मिलकर भाजपा के ऐतिहासिक रूप से हरायेगी। समाजवादी पार्टी इंडिया एलांयस मिलकर काम करेगा। अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की अराजकता को लोकतंत्र के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि भाजपा बहुत गलत परम्परा डाल रही है। एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ड्राई क्लीन की दुकान है। अपने फायदे के लिए संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। सीबीआई और ईडी के छापे डलवाती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है। भाजपा, भाजपा की भी सगी नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट और आरक्षण दोनों की लूट कर रही है। वह महिलाओं का सम्मान नहीं करती है। महिला आरक्षण में भी लूट करेगी। महिला आरक्षण 2023 में संसद में पास होकर कानून बन गया है लेकिन भाजपा पूरे देश में झूठा प्रचार कर रही है। भाजपा सोन पापड़ी की तरह एक झूठ पर दूसरे झूठ की परत चढ़ा देती है !
Follow Samachar24