वृंदावन व्यापार मंडल ने कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ी कीमतों के खिलाफ राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन
Gargachary Times
7 May 2026, 18:55
464 views
Mathura
वृंदावन। नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, वृंदावन द्वारा कमर्शियल गैस सिलेंडरों की लगातार बढ़ती कीमतों और उपलब्धता की समस्या को लेकर भारत की महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी मथुरा के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में व्यापार मंडल ने कहा कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी और दामों में अचानक लगभग 1000 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी से होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, कैटरिंग, डेयरी, फेरी एवं खाद्य व्यवसाय से जुड़े व्यापारियों के सामने भारी आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
व्यापार मंडल ने मांग की कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडर की तरह कमर्शियल सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था लागू की जाए। साथ ही गैस के वैकल्पिक संसाधनों की खोज के लिए अनुसंधान समिति गठित करने और बढ़े हुए दाम तुरंत वापस लेने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में यह भी मांग रखी गई कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों पर जीएसटी दर 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत की जाए तथा उद्योगों को वैकल्पिक ईंधन उपयोग की अनुमति देते हुए प्रदूषण एवं एनजीटी नियमों में पांच वर्ष की छूट दी जाए।
व्यापार मंडल ने विवाह समारोह, स्कूलों और अस्पतालों की आवश्यकता के अनुसार गैस उपलब्ध कराने की भी मांग की।
इस नगर उधोग व्यापार प्रतिनिधि मंडल वृन्दावन के अध्यक्ष आलोक बंसल महामंत्री लक्ष्मीनारायण दीक्षित संयुक्त महामंत्री आशीष ठाकुर बृजेश गुप्ता बंटी युवा नगर अध्यक्ष अंकित बाष्णेय उपस्थित रहे।