Loading...

रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में टी0बी0 मरीजों को पोषण पोटली दी गई

Gargachary Times 7 May 2026, 19:10 118 views
Mathura
रेड क्रॉस दिवस के उपलक्ष्य में टी0बी0 मरीजों को पोषण पोटली दी गई
मथुरा: टीबी मुक्त भारत अभियान में हाथ बढ़ाते हुए भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी मथुरा द्वारा 7 मई को जिला अस्पताल में टी0बी0 मरीजों को पोषण पोटली बांटी गई। अस्पताल के क्षय रोग विभाग में आयोजित इस पोटली वितरण कार्यक्रम में 50 मरीजों को पोषण पोटली दी गई। यह कार्यक्रम रेड क्रॉस सोसाइटी के स्थापना दिवस 8 मई के उपलक्ष्य में संस्था द्वारा 5 से 8 मई 2026 तक आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला की तीसरी कड़ी था। रेड क्रॉस सोसाइटी की राज्य शाखा के सभापति और उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, महासचिव रामानन्द कटियार और कोषाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के निर्देशानुसार रेड क्रॉस की जनपद इकाई द्वारा पाँच कार्यक्रमों की श्रृंखला का आयोजन किया जा रहा है। पोषण पोटली वितरण कार्यक्रम के बाद अस्पताल के क्षय रोग विभाग के प्रमुख डॉ. संजीव यादव, समन्वयक आलोक तिवारी और अखिलेश दीक्षित के साथ रेड क्रॉस सोसाइटी मथुरा के पदाधिकारियों के साथ टीबी मरीजों की सहायता के लिए भावी रणनीति पर गहन चर्चा हुई। चर्चा में शहरी मरीजों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में संस्था द्वारा कार्य की योजना बनाई गई। इस अवसर पर रेड क्रॉस मथुरा के सचिव अमृत लाल खंडेलवाल ने इन मरीजों से निरंतर संपर्क की बात कही। मरीजों से व्यक्तिगत रूप से और फोन पर संपर्क स्थापित कर उनका हाल जानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का प्रयत्न किया जाएगा। इस अवसर पर रेड क्रॉस की टीम में उपसभापति वृषभान गोस्वामी, श्याम खंडेलवाल, डॉ विनीता गुप्ता, राज खंडेलवाल और रवि खंडेलवाल उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने मरीजों के साथ चर्चा की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
Follow Samachar24