Loading...

जिला अस्पताल के 100 सैया वार्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी

Gargachary Times 7 May 2026, 20:10 7 views
Firozabad
जिला अस्पताल के 100 सैया वार्ड में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मची अफरा-तफरी
फिरोजाबाद। जिला अस्पताल परिसर स्थित 100 सैया वार्ड में बुधवार रात को अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। अस्पताल में धुआं उठता देख मरीजों, तीमारदारों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तथा अग्निशमन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि समय रहते राहत कार्य शुरू हो जाने से कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 100 सैया वार्ड के एक हिस्से में अचानक विद्युत तारों से चिंगारी निकली और देखते ही देखते धुआं फैलने लगा। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें दिखाई देने लगीं। अस्पताल स्टाफ ने तत्काल मरीजों को सुरक्षित स्थानों की ओर हटाना शुरू किया और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने अस्पताल कर्मचारियों के सहयोग से आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया। आग लगने से वार्ड में रखे कुछ विद्युत उपकरण और वायरिंग क्षतिग्रस्त होने की बात कही जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नवीन जैन भी तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्युत व्यवस्था की जांच कराने के निर्देश दिए। अस्पताल में अचानक आग लगने से कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा। मरीजों के परिजन घबराकर वार्ड से बाहर निकल आए। हालांकि फायर ब्रिगेड की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने पूरे विद्युत तंत्र की जांच कराने की बात कही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा न हो।
Follow Samachar24