स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों को लेकर मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक
Gargachary Times
8 May 2026, 20:35
59 views
Lucknow
लखनऊ: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने संगम सभागार, लखनऊ में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश भर से नगर आयुक्त, मेयर, पार्षद, ईओ एवं नगर विकास विभाग से संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26, सिटीजन फीडबैक, कूड़ा पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमावली-2026 तथा आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) मॉडल के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाया जाए तथा आमजन की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने सभी नगर निकायों को निर्देश दिए कि नागरिकों से अधिक से अधिक सिटीजन फीडबैक प्राप्त किया जाए और वार्ड स्तर पर स्वच्छ वातावरण प्रोत्साहन समितियों को सक्रिय किया जाए। बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सोर्स सेग्रीगेशन एवं वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
मंत्री शर्मा ने आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नाला-नालियों की नियमित सफाई, सिल्ट निकासी एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक निकाय में त्वरित कार्रवाई हेतु QRT (Quick Response Team) गठित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ एवं अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने, व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाने तथा स्वच्छता के प्रति व्यवहार परिवर्तन आधारित जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी चर्चा की गई।
श्री शर्मा ने कहा कि सभी अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें, ताकि प्रदेश के शहरों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि सभी नगर पंचायतों एवं नगर पालिकाओं के ईओ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें। कहीं से भी लापरवाही या शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए। यदि सभी अधिकारी पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे तो साफ-सफाई सहित अन्य नागरिक समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी ईओ स्वयं अपने नगर निकायों की नियमित समीक्षा करें कि उनकी नगर पालिका, नगर पंचायत अथवा नगर निगम की वर्तमान स्थिति क्या है और उसमें किस प्रकार सुधार किया जा सकता है। स्वच्छता, जल निकासी, कूड़ा प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं एवं जनसंतुष्टि के सभी मानकों पर बेहतर कार्य करते हुए अपनी रैंकिंग में सुधार लाना अनिवार्य है।
मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश के सभी नगर निकायों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं नागरिकों के लिए बेहतर बनाना सरकार की प्राथमिकता है, जिसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं जवाबदेही के साथ कार्य करना होगा।