Loading...

नारद जयंती पर फरह में पत्रकार सम्मान समारोह

Gargachary Times 8 May 2026, 20:36 71 views
Mathura
नारद जयंती पर फरह में पत्रकार सम्मान समारोह
फरह। फरह विश्व संवाद की भारतीय परंपरा एवं पत्रकारिता के आद्य प्रवर्तक देवर्षि नारद की जयंती के उपलक्ष्य में फरह में नारद जयंती एवं पत्रकार सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। आगरा-मथुरा हाईवे स्थित लोक निर्माण गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार, शिक्षाविद और समाजसेवी शामिल हुए। समारोह में वक्ताओं ने देवर्षि नारद को संवाद का प्रतीक बताते हुए पत्रकारिता को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम कहा। कार्यक्रम का शुभारंभ देवर्षि नारद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य आयोजक राम पाठक व सह आयोजक विजय राघव ने अतिथियों का स्वागत किया। राम पाठक ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है। वर्तमान समय में सकारात्मक और राष्ट्रहितकारी पत्रकारिता की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा है। मुख्य अतिथि संतोष गर्ग ओल ने कहा कि देवर्षि नारद भारतीय संस्कृति में संवाद, समन्वय एवं सत्य सूचना के प्रतीक माने जाते हैं। पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं बल्कि समाज को जागरूक करने का महान दायित्व भी है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि डॉ राजेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता की मूल आत्मा राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक चेतना में निहित है। उन्होंने नारद के जीवन प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि संवाद का उद्देश्य समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाना होना चाहिए। उन्होंने युवा पत्रकारों से भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं अध्यक्ष डॉ कमल कौशिक ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उसकी लेखनी समाज को दिशा देने की क्षमता रखती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पत्रकारिता में सत्य, संयम एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का पालन अत्यंत आवश्यक है। सोशल मीडिया के दौर में तथ्यों की जांच और मर्यादा और जरूरी हो गई है। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के जिला मंत्री मिथलेश चौधरी ने कहा कि पत्रकारों को ग्रामीण और क्षेत्रीय समस्याओं को कलम से उजागर करना चाहिए। इससे आम जनमानस की परेशानियों की ओर अधिकारियों का ध्यान जाता है और समाधान निकलता है। समारोह में वरिष्ठ पत्रकार श्रमण शर्मा, देवेंद्र गोस्वामी, सतीश तरकर,जगमोहन, पंकज अग्रवाल, विष्णु शर्मा,अनुज सिंघल,विनीत उपाध्यक्ष,बांके लाल ,श्री ओम,हरपाल सिंह, देवेंद्र शर्मा समेत कई पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन मुख्य आयोजक राम पाठक ने किया। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पारस ठाकुर, समाजसेवी डॉ राजेंद्र सिंह, कृष्णा ठाकुर, आलोक, मनोज मित्तल, नरेंद्र शर्मा ओल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और पत्रकार बंधुओं का आभार जताया। कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों और सामाजिक सरोकारों पर गहन चर्चा हुई।
Follow Samachar24