मथुरा वृंदावन नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी
Gargachary Times
8 May 2026, 20:48
60 views
Mathura
ललित उपाध्याय संवाददाता मथुरा।
नगर आयुक्त के निर्देशानुसार नगर निगम मथुरा-वृंदावन क्षेत्र अंतर्गत स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। साथ ही आगामी वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए जलभराव की समस्या से नागरिकों को राहत प्रदान करने हेतु नालों की तलीझाड़ सफाई, सिल्ट निकासी एवं अवरोध हटाने का कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है।
इसी क्रम में शुक्रवार को सौरभ सिंह अपर नगर आयुक्त के नेतृत्व में नगर निगम मथुरा-वृंदावन द्वारा सौंख रोड स्थित नाले पर किए गए निरीक्षण के दौरान नाले के ऊपर एवं किनारों पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को चिन्हित कर निगम टीम द्वारा हटवाने की कार्यवाही की गई। अतिक्रमण हटाए जाने के उपरांत नाले की तलीझाड़ सफाई एवं सिल्ट निकासी का कार्य भी कराया गया, जिससे वर्षा के दौरान जल निकासी व्यवस्था सुचारु बनी रहे तथा क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े।
नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया कि नालों एवं सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सार्वजनिक मार्गों एवं नालों पर अतिक्रमण न करें तथा नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें।
उक्त कार्यवाही के दौरान नगर निगम मथुरा-वृंदावन से ईटीएफ टीम, चौकी बाग बहादुर से समुचित पुलिस बल एवं नगर निगम के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यवाही में विशेष रूप से दीपक शर्मा एवं अन्य निगम कर्मियों की सक्रिय सहभागिता रही।