नसीरपुर में 'थाना समाधान दिवस' का आयोजन: जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जन-समस्याएं
Gargachary Times
9 May 2026, 21:04
102 views
Firozabad
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के मंशानुसार जन-शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु आज जनपद के थाना नसीरपुर में 'थाना समाधान दिवस' का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने स्वयं उपस्थित रहकर फरियादियों की समस्याओं को सुना और उनके निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
भूमि विवादों पर कड़ा रुखः
समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग से संबंधित कुल दर्जनों मामले सामने आए, जिनमें सर्वाधिक संख्या भूमि विवाद और अवैध कब्जों से जुड़ी रही। ग्राम गुढ़ा निवासी श्रीमती रामश्री पत्नी श्री रामप्रकाश ने प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि विपक्षीगणों द्वारा उनके बैनामाशुदा मकान पर बाउंड्रीवाल निर्माण में अवैध रूप से बाधा उत्पन्न की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सिरसागंज और थाना प्रभारी नसीरपुर को संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर पैमाइश करने और नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के कड़े निर्देशः
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने उपस्थित राजस्व कर्मियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि "जमीन से संबंधित पुराने विवादों में पुलिस और राजस्व की टीम संयुक्त रूप से मौके पर जाए। शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर होना चाहिए ताकि पीड़ित को न्याय मिल सके और शांति व्यवस्था बनी रहे।"
वरिष्ट पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने पुलिस अधिकारियों को हिदायत दी कि "दबंगई करने वाले और शांति भंग करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। यदि कोई व्यक्ति वैध निर्माण कार्य में बाधा डालता है या धमकी देता है, तो उस पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करें।"
आज के समाधान दिवस में कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष लंबित प्रकरणों के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निस्तारण में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।